कैप्टन MSP पर खरीद करे या फिर गद्दी छोड़े: भगवंत मान

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2020 - 12:26 PM (IST)

बठिंडा (विजय) : आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने ऐलान किए गए कम से कम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) की अपेक्षा कम दाम पर सफेद सोना बेचने के लिए मजबूर किसानों में खड़े हो कर पंजाब के मुख्यमंत्री को ललकारा कि वह किसानों की फसल को एम.एस.पी. पर खरीदे या फिर गद्दी छोड़ दें।

शुक्रवार को मौड़ मंडी में किसानों को मंडी में मिलने पहुंचे भगवंत मान के साथ तलवंडी साबो से विधायक प्रो. बलजिंद्र कौर और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे। इस मौके किसानों को संबोधन करते हुए भगवंत मान ने कहा कि आज जो हाल मालवे की मंडियों में नरमे और दोआबे की मंडियों में मक्का की फसल का हो रहा है, कल को जब मोदी के काले कानून लागू हो गए तो गेहूं और धान की फसलें भी ऐसे ही एम.एस.पी. की अपेक्षा आधे मूल्य में बेकदरी का शिकार होंगी। फार्म हाऊस में बैठे महाराजा को किसानों की कोई परवाह नहीं।

भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार एम.एस.पी. से ऊपर स्वामीनाथन की सिफारिशों के मुताबिक अपने किसानों को फसलों का मूल्य दे सकती है तो पंजाब की कैप्टन सरकार अपने किसानों को एम.एस.पी. के बराबर मूल्य की गारंटी क्यों नहीं देती। मान ने कहा कि फसल के सीजन में किसान खेतों के बजाय रेल पटरियों और सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं।  इस मौके बादलों को आड़े हाथों लेते भगवंत मान ने कहा कि किसानों के दबाव में आ कर ही हरसिमरत कौर बादल को गद्दी और बादलों को मोदी छोडऩा पड़ा। उनके साथ ही लोगों को सुचेत किया कि अंदर से कैप्टन, मोदी और बादल आज भी एक धोखा देने की नीयत से गुप्त ढंग से एकजुट हैं। इस मौके उनके साथ नवदीप सिंह जीदा, नील गर्ग और गुरजंट सिंह सीबिया भी उपस्थित थे।

Vatika