बादल सच्चे हैं तो 2 सिखों के कत्ल से संबंधित दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की : बलबीर सिंह सिद्धू

punjabkesari.in Wednesday, Sep 05, 2018 - 08:31 AM (IST)

मोहाली(नियामियां): श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी, कोटकपूरा, बहबल कलां और बरगाड़ी कांड ये सभी अकाली सरकार दौरान घटे हैं। इसलिए उस समय की अकाली सरकार इन कांडों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है। उक्त शब्द  ‘पंजाब केसरी’ के साथ हुई विशेष मुलाकात दौरान पंजाब के पशु पालन, मछली पालन और डेयरी विकास मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों की भावनाओं को देखते हुए अपने चुनाव वायदे अनुसार एक कमीशन गठित किया था। 

कैप्टन सरकार ने किसी को निशाना बनाने के लिए यह नहीं किया बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते और मारे गए 2 सिखों को न्याय दिलाने के लिए ही किया है। उन्होंने कहा कि जस्टिस जोरा सिंह पर आधारित जो कमीशन अकाली सरकार ने गठित किया था उसे अकालियों ने ही बेइज्जत किया और रिपोर्ट भी नहीं ली थी। 

उन्होंने कहा कि लोगों के साथ किए वायदे अनुसार ही एक काबिल जस्टिस रणजीत सिंह के नेतृत्व में कमीशन गठित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल उस समय मुख्यमंत्री थे और उनका पुत्र सुखबीर सिंह बादल उप-मुख्यमंत्री और गृह मंत्री था। इसलिए सभी घटनाओं के लिए वे ही जिम्मेदार हैं। अगर बादल सच्चे हैं तो 2 सिखों के कत्ल से संबंधित दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की।

...तो फिर किसने दिए गोली चलाने के आदेश
यह पूछे जाने पर कि लोकसभा चुनाव में अकालियों को हाशिए पर धकेलने के लिए ही यह रिपोर्ट विधानसभा में लाई गई है तो सिद्धू ने कहा कि यह बात बिल्कुल गलत है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का यह कहना कि उक्त घटनाओं में उनका कोई कसूर नहीं है तो वह रात को 2 बजे तक डी.जी.पी. सुमेध सैनी के साथ क्या बातचीत कर रहे थे। इस पर टिप्पणी करते हुए सिद्धू ने कहा कि यदि ऐसा नहीं तो जिसने गोली चलाई है उसके विरुद्ध पर्चा क्यों नहीं दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बादल इस मामले में पूरी तरह झूठे साबित हुए हैं और वह झूठ बोलने के आदी भी हैं। 

पंथक का अकाली दल के पास नहीं कोई पक्का लाइसैंस
जब उनको पूछा गया कि बादल ने कांग्रेस पर यह दोष लगाया है कि कांग्रेस का मनोरथ शिरोमणि समिति पर कब्जा करने का है तो सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और पार्टी का ऐसा कोई मनोरथ नहीं है कि शिरोमणि समिति पर कब्जा किया जाए। उन्होंने कहा कि अकाली दल के पास भी कोई पक्का लाइसैंस नहीं है कि वह ही पंथक है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी प्रति सम्मान रखने वाले सभी लोग ही सिख हैं और पंथक हैं। उन्होंने अकालियों पर गुरु घर की गोलकों का दुरुपयोग करने और जत्थेदारों को अपने घर बुलाकर हुक्मनामे जारी करने का आदेश देने का भी आरोप लगाया।

अकालियों को कोई मुंह नहीं लगाएगा 
शिरोमणि अकाली दल द्वारा उत्तर प्रदेश में रैली करने संबंधी पूछे प्रश्न पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस बात पर हैरान हैं कि जो लोग हरियाणा या उत्तर प्रदेश में रैली करने की बातें कर रहे हैं उनको पूछा जाए कि पंजाबी राज्य किसने बनाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में तो अकालियों को लोग घुसने नहीं देते। इसलिए वह अब उत्तर प्रदेश की तरफ भाग रहे हैं। अकालियों की करतूतों बारे सारी दुनिया जानती है इस कारण कोई भी उनको मुंह नहीं लगाएगा। 

swetha