कैबिनेट मंत्री रंधावा ने कैप्टन सरकार पर उठाए सवाल, मंत्री पद छोडऩे की दी चेतावनी

punjabkesari.in Monday, Dec 09, 2019 - 02:15 PM (IST)

चंडीगढ़: कैबिनेट मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने भी अपनी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। रंधावा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उनकी कांग्रेस सरकार बेअदबी कांड के दोषियों को सजा दिलाने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि अगर बेअदबी के दोषियों को सजा नहीं मिली तो वह मंत्री की कुर्सी भी छोड़ देंगे। दरअसल, रविवार को अलांयस सिख आर्गेनाइजेशन ने गांव धारोवाली में कैबिनेट मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा की रिहायश के आगे रोष धरना दिया। रंधावा ने धरने को बिल्कुल जायज बताते खुद भी अपनी सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली। वह धरने में आ बैठे और लोगों को संबोधन भी किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भी बादलों के रास्ते चल पड़ी है।

उन्होंने कहा कि कैप्टन साहब आप तो नहीं मिलते, हमें तो लोगों को जवाब देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बेअदबी के दोषियों का पता, पहचान हुई परन्तु शर्मनाक है कि फिर भी दोषी नहीं पकड़े जा रहे। रंधावा ने कैप्टन को चुनौती देते कहा कि सरकार बठिंडा-तलवंडी साबो उठाई कसम याद करें। इससे पहले नवजोत सिद्धू भी अपनी सरकार के खिलाफ  मोर्चा खोल चुके हैं। इसलिए वह मंत्रालय से भी एक तरफ हो गए हैं। धरनाकारियों को संबोधन करते रंधावा ने कहा कि सिख जत्थेबंदियों का रोष धरना बिल्कुल जायज है, वैसे भी यह शर्मनाक बात है कि दोषियों को सजाएं दिलाने में देरी हो रही है।

उन्होंने जज्बाती होते कहा कि ‘‘असली गुनाहगारों को अगर सजाएं न मिली तो लोगों ने वजीरियों पर थूकना तक नहीं।’’ रंधावा ने कहा कि वह पहले भी बेअदबी कांड के लिए आवाज बुलंद करते रहे हैं, अब भी अपनी बात मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के आगे रखेंगे। गौरतलब है कि 2015 में पंजाब में कई स्थानों पर हुई गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी और बहिबलकलां गोलीकांड की घटनाओं के लिए इंसाफ न मिलने पर अलांयस सिख आर्गेनाइजेशन की तरफ से मंत्रियों के घरों के आगे धरने लगाए जा रहे हैं। रविवार को कैबिनेट मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा की रिहायश के आगे धरना दिया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News