अमरीका में कत्ल किए गए 2 सगे भाइयों के वारिसों को 10 साल बाद भी नहीं मिला इंसाफ
punjabkesari.in Saturday, Dec 30, 2017 - 08:16 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): माडल टाऊन से अमरीका के कैलीफोर्निया स्टेट रिचमंड में रहते 2 सगे भाइयों रविन्द्र सिंह कलसी और परमजीत सिंह कलसी का 27 दिसम्बर 2007 को साहिब इंडियन रैस्टोरैंट रिचमंड कैलीफोर्निया में 2 अज्ञात व्यक्तियों ने कत्ल कर दिया था। इस केस को तकरीबन 10 साल बीत जाने के बाद भी अमरीकी पुलिस ने कातिलों की खोज नहीं की जबकि दोनों के बड़े भाई हरिन्द्र सिंह कलसी पिछले 10 साल में आधा दर्जन बार अमरीका की पुलिस के पास जाकर इंसाफ की गुहार लगा चुके हैं परन्तु अमरीकी ने उनको आज तक इंसाफ नहीं दिलाया।
बड़े भाई हरिन्द्र सिंह कलसी ने कहा कि विदेश राज्य मंत्री अमरीका सरकार पर दबाव बनाएं कि वह इस मामले की जांच एफ.बी.आई. से करवाएं। यह केस रिचमंड कैलीफोर्निया अमरीका से एफ.बी.आई. यू.एस.ए. को भेजा जाए जिससे कातिलों को पकड़ा जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपील की कि वह अमरीका सरकार पर दबाव बनाएं कि उसके छोटे भाइयों के कातिलों को पकड़ कर योग्य सजा दी जाए, जिससे अमरीका में रहते अन्य पंजाबी भी अपने आप को सुरक्षित महसूस करें।
हरिन्द्र सिंह कलसी ने कहा कि यदि इसी तरह पंजाबियों का कत्ल अमरीका में होता रहा और अमरीकी सरकार ने कातिलों को पकडऩे के लिए कोई कदम न उठाया तो अमरीका में रहते पंजाबी अपने आप को बहुत ज्यादा असुरक्षित महसूस करेंगे। हरिजन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह को भी गुहार लगाई कि वह इस मामले को भारत सरकार के आगे उठाएं जिससे कलसी परिवार को इंसाफ मिल सके।