पंजाब के CM कैप्टन के दादा पहनते थे 166 करोड़ का हीरों का नेकलेस, जानिए अब है कहां

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 12:46 PM (IST)

पटियाला, जालंधर। पटियाला के महाराजा महंगे शौक के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध थे। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पंजाब के CM कैप्टन अमरेंद्र के दादा महाराजा सर भूपेंद्र सिंह 166 करोड़ रुपए का हीरों का नेकलेस पहनते थे। इस नेकलेस में 2930 हीरे जड़े थे और आखिरी बार इस नेकलेस को कैप्टन अमरिंदर सिंह के पिता महाराजा यादवेंद्र सिंह ने पहना था। आजादी के बाद यह नेकलेस चोरी हो गया था।   

नेकलेस का वजन करीब 1000 कैरेट....
इतिहासकारों के मुताबिक इस नेकलेस का वजन करीब 1000 कैरेट था। इस नेकलेस में एक बड़ा हीरा जड़ा था जो दुनिया के सबसे बड़े सात हीरों में शुमार था। नेकलेस की खासियत यह भी थी कि इसमें ज्योतिष विद्या के मुताबिक 23 रत्न भी जड़े थे जोकि महाराजा के ग्रहों की दशा सुधारने के लिए थे। इन रत्नों में 18 कैरेट के दो रूबी शामिल थे।

1926 में किया गया था तैयार....
बताया जाता है कि महाराजा सर भूपेंद्र सिंह 1926 कीमती नग, हीरों और आभूषण से भरा संदूक लेकर पैरिस पहुंचे। उन्होंने इस संदूक को ज्वेलरी बनाने वाली विश्व प्रसिद्ध कंपनी कार्टियर को सौंपा और एक नेकलेस तैयार करने का ऑर्डर दिया। उन्होंने कंपनी को कहा कि इस नेकलेस को ऐसे तैयार किया जाए कि पूरे विश्व में यह अपने आप में अनूठा हो। 

नेकलेस को दोबारा बनाने का प्रयोग रहा असफल....
आजादी के बाद इस नेकलेस को किसी ने चुरा लिया और इसे तोड़ कर इसके हीरों और रत्नों को बेच दिया। नेकलेस में केवल प्लेटिनम की जंजीरें ही बची थीं। यह जंजीरें 1994 में कार्टर कंपनी के एक ऑफिसर को लंदन के एक एंटिक स्टोर में मिली। कंपनी ने इन जंजीरों को खरीद कर नेकलेस को दोबारा बनाने का प्रयास किया, लेकिन कंपनी का यह प्रयोग असफल रहा।         

Suraj Thakur