कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को आदर्श CM का अवार्ड प्रदान

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2020 - 08:24 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी/धवन): भारतीय छात्र संसद द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को राज्य को  सुशासन तथा विकास पथ की तरफ अग्रसर करने के लिए उठाए गए विशिष्ट प्रयत्नों के लिए आदर्श मुख्यमंत्री पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

यह अवार्ड पूर्व राष्ट्रपति व भारत रत्न प्रणव मुखर्जी ने कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को विज्ञान भवन दिल्ली में आयोजित 4 दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव के दौरान दिया। भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के गहन अनुभव तथा उनके द्वारा स्थापित मूल्यों की सराहना की जिस कारण समाज व देश में उन्हें प्रतिष्ठा मिली है। समारोह के दौरान केंद्रीय खेल व युवा मामलों के मंत्री किरण रिजिजू, पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री नटवर सिंह, पद्मविभूषण डा. कर्म सिंह, एम.आई.टी. विश्व शांति विश्वविद्यालय के संस्थापक विश्वानाथ डी. कराद तथा बी.सी.एस. के संस्थापक राहुल वी. कराद भी मौजूद थे। 

कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को अवार्ड देते समय कहा गया कि उन्होंने पंजाब को विकास पथ पर ले जाने के लिए क्रांतिकारी विचारों को अपनाया है। मुख्यमंत्री की ईमानदारी व निष्ठा की बदौलत ही पंजाब अब आर्थिक विकास पथ पर अग्रसर हुआ है। मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने देश के युवाओं को देश की राजनीति में सक्रिय व सकारात्मक भूमिका अदा करने का आह्वान किया। कैप्टन ने कहा कि राजनीति में आने के इच्छुक विद्यार्थियों को अपने राज्यों की भूगौलिक परिस्थितियों की भी जानकारी होनी चाहिए। राजनीति में सत्ता प्राप्ति के लिए विद्यार्थी न आएं बल्कि देश व राज्य को बेहतर बनाने के लिए युवा वर्ग राजनीति में आए।

पंजाब में 17 आतंकी गिरोहों का सफाया किया
कैप्टन ने कहा कि पंजाब का नौजवान विदेशों की ओर अग्रसर है। अब पंजाब को शिक्षा क्षेत्र में भी उभारा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ड्रग माफिया की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है जिस कारण नशों की सप्लाई लाइन को तोड़ा गया है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति अच्छी है तथा 17 आतंकी गिरोहों का सफाया किया गया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News