जलालाबाद या दाखा हॉट सीटें नहीं, चारों सीटें कांग्रेस जीतेगी : अमरेन्द्र

punjabkesari.in Sunday, Oct 20, 2019 - 09:22 AM (IST)

जालंधर (धवन): आज 4 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में चुनाव प्रचार बंद होने से पहले किए गए अपने अंतिम रोड शो में मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल पर जमकर सियासी प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही सुखबीर व उनकी पार्टी को ठुकरा चुकी है।

अब उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए। मुकेरियां में कांग्रेस उम्मीदवार इंदूबाला के समर्थन में अंतिम रोड शो के बाद कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने दावा किया कि या तो सुखबीर को कुछ दिखाई नहीं दे रहा है या फिर वह जनता  द्वारा ठुकराए जाने की जमीनी हकीकत से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सुखबीर के इन आरोपों को खारिज कर दिया कि पंजाब में पिछले अढ़ाई वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुकेरियां में 7 बार लगातार निर्वाचित हुए पूर्व विधायक स्व. केवल कृष्ण ने जो विकास कार्य करवाए थे,  जनता उन्हें आज भी याद करती है। उनके बाद उनके पुत्र रजनीश बब्बी ने क्षेत्र में विकास की लहर शुरू की।

अब उनकी पत्नी यह जिम्मेदारी संभालेगी तथा इस क्षेत्र को वह अपना क्षेत्र मानकर काम करवाएंगी। कैप्टन ने इन बातों को खारिज कर दिया कि दाखा तथा जलालाबाद हॉट सीटें हैं। उन्हें इन दोनों सीटों पर अकाली दल व भाजपा गठबंधन में कोई मजबूती दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है तथा भाजपा व अकाली दल दोनों का दस वर्षों तक कुशासन जनता देख चुकी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चारों विधानसभा सीटों में कांग्रेस की जीत होगी, क्योंकि जनता का झुकाव पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है।

Vatika