लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने जारी किए निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2020 - 10:11 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने लोगों को आ रही समस्या को समझते हुए कई कदमों का ऐलान किया है। उन्होंने स्थिति को प्रभावी तरीके से संभालने के लिए पुलिस और सिविल प्रशासन के लिए भी कुछ घोषणा की है। उन्होंने आज यहां कहा कि कर्फ्यू जारी रखना जरूरी है क्योंकि इसे लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है क्योंकि लोग इस महामारी को हराना चाहते हैं। लोगों की दिक्कतों को कम करने की भी जरूरत है। कर्फ्यू संबंधी नए दिशा-निर्देश पूरी तरह उपायुक्तों की निगरानी मेंं सख्ती से लागू किए जाएंगे और वे ही यह सुनिश्चित करेंगे कि जरूरी सामान की सप्लाई और सेवाएं लोगों तक पहुंचें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरी बनाए रखना और कोरोना प्रभावित देशों से वापिस लौटे सभी लोगों को ढूंढना और उनकी जांच करना लाजिमी है। हाल ही के दिनों में राज्य में 94000 प्रवासी भारतीय विदेशों से लौटे हैं और इनमें से बहुतों का पता कर लिया गया है और लगभग 30 हजार को आइसोलेशन में रखा गया है। बाकियों को भी ढूंढने के प्रयास जारी हैं। विदेश से आने वाले किसी भी नए लोगों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 188 के तहत सख्त कार्यवाही की जा रही है। करीब 48 हजार लोगों को किसी भी सूरत में बाहर निकलने से रोकने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। 

उन्होंने कहा कि घरेलू एकांतवास का उल्लंघन करने की सूरत में सरपंच या नंबरदार इलाका मैजिस्ट्रेट, डी.एस.पी. या एस.एच.ओ. को रिपोर्ट किया जाए या फिर 112 नंबर पर पुलिस को कॉल करके बताया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और सिविल प्रशासन को हिदायतें की हुई हैं कि यह यकीनी बनाया जाए कि नागरिकों को न तो कोई मुश्किल पेश आए और न ही इस कठिन समय में वह परेशान हों। कैप्टन ने कहा कि राज्य में आम लोगों और खासकर कमजोर वर्गों की सभी जायज जरूरतों की पूर्ति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को महामारी से बचाने के लिए कर्फ्यू लगाना जरूरी था। उन्होंने लोगों से सरकार की इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News