चर्चाओं पर लगाया विराम, मुख्यमंत्री निवास पर जाखड़ ने कैप्टन के साथ किया लंच

punjabkesari.in Saturday, Apr 14, 2018 - 05:26 PM (IST)

जालन्धर(धवन): अंतत: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पिछले कुछ दिनों से चली आ रही सियासी मतभेदों की खबरों पर आज पूरी तरह से विराम लगा दिया तथा कैप्टन व जाखड़ चंडीगढ़ से सरकारी हैलीकॉप्टर में सवार होकर जालन्धर पहुंचे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिह ने कल रात स्वयं जाखड़ को फोन करके चंडीगढ़ बुला लिया था।
 

पुलिस अधिकारियों के तबादलों को लेकर हुर्इ चर्चा
उस समय जाखड़ गुरदासपुर गए हुए थे। जाखड़ रात को ही चंडीगढ़ पहुंचे तथा आज सुबह मुख्यमंत्री के साथ हैलीकाप्टर से चंडीगढ़ से जालन्धर में संविधान निर्माता डा. बी.आर. अम्बेदकर को समर्पित कार्यक्रम में भाग लिया। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि चंडीगढ़ से जालन्धर आते समय तथा फिर वापस जाते समय कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा जाखड़ ने आपस में राज्य के सियासी हालात को लेकर चर्चा की। यह भी बताया जाता है कि जाखड़ ने उनसे कुछ पुलिस अधिकारियों के तबादलों को लेकर भी चर्चा की है। मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने उन्हें भरोसा दिया है कि कांग्रेस विधायकों के गिले-शिकवों को सरकार दूर कर देगी।
 

जाखड़ ने कैप्टन के साथ किया लंच
चंडीगढ़ से जालन्धर आते हुए तथा फिर वापस जाते समय दोनों नेता लगभग डेढ़ घंटे तक इकट्ठे बातचीत करते रहे। चंडीगढ़ पहुंचने के बाद कैप्टन जाखड़ को अपने साथ मुख्यमंत्री निवास भी ले गए जहां पर अन्य उपस्थित लोगों के साथ जाखड़ ने कैप्टन के साथ लंच भी किया। अभी यह नहीं पता चला कि लंच के दौरान दोनों नेताओं के मध्य किन-किन मुद्दों पर चर्चा हुई। जाखड़ ने पहले कल बैसाखी कांफ्रैंस मे भाग लेने के लिए जाना था परन्तु मुख्यमंत्री ने बैसाखी कांन्फ्रैंस के लिए वित्त मंत्री मनप्रीत बादल की ड्यूटी लगा दी। जाखड़ को मुख्यमंत्री निवास से गत रात्रि 2 फोन गए जिसके बाद जाखड़ ने जालन्धर कार्यक्रम में भाग लेने का फैसला किया। मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने जाखड़ को अपने से दूर नहीं करना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने कल जाखड़ के पक्ष में बयान भी दिया था।

 

 

Vatika