मुख्यमंत्री ने ईरान के राजदूत को श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर किया आमंत्रित

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 09:02 AM (IST)

जालंधर/चंडीगढ़(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पंजाब-ईरान चैम्बर ऑफ कॉमर्स को दोनों देशों के मध्य निवेश की संभावनाओं का पता लगाने तथा खाड़ी देशों से पानी संरक्षण, कृषि तथा कृषि उत्पादों की तकनीक को पंजाब ट्रांसफर करने के लिए कहा है।

भारत में ईरान के राजदूत अली चेगैनी ने आज कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के साथ मुलाकात की, जिसमें मुख्यमंत्री ने उन्हें श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व समारोह में आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने राजदूत को सूचित किया कि उन्होंने पहले ही भारत सरकार के सामने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर तेहरान से अमृतसर के मध्य स्पैशल चार्टर फ्लाइटें शुरू करने का मामला उठाया था। ईरान की अर्थव्यवस्था में सिख समुदाय की भूमिका बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि ईरान तथा पंजाब के मध्य संबंधों को और मजबूत किया जाना चाहिए। 

उन्होंने ईरान को चावल, फलों तथा ड्राई फ्रूट्स का निर्यात और बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि पंजाब के लिए ईरान में निर्मित यूरिया काफी लाभदायक सिद्ध हो सकता है। मुख्यमंत्री ने राजदूत को भरोसा दिया कि राज्य सरकार ईरानी निवेशकों को हर संभव सहायता व समर्थन देगी, जोकि राज्य में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1976 में वह राज्य के कृषि मंत्री होने के नाते ईरान के दौरे पर गए थे तथा वहां 2 महीने रहने पर उन्होंने काफी कुछ अनुभव हासिल किया था। राजदूत ने मुख्यमंत्री को पुन: ईरान आने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर खेल व एन.आर.आई. मामलों के मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी, लैफ्टि. जनरल टी.एस. शेरगिल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तेजवीर सिंह, मुख्य सचिव कर्ण अवतार सिंह आदि उपस्थित थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News