इन 4 मंत्रियों को कैप्टन ने बनाया ताकतवर

punjabkesari.in Friday, Jun 07, 2019 - 02:29 PM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब मंत्रिमंडल में आज मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह द्वारा मंत्रियों के विभागों में किए गए फेरबदल के दौरान कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिन्द्रा, रजिया सुल्ताना, बलबीर सिंह सिद्धू तथा सुख सरकारिया को ताकतवर बनाया गया है, जबकि नवजोत सिद्धू के अलावा अरुणा चौधरी का भी कद घटा है। 

  • ब्रह्म महिन्द्रा को निकाय विभाग इसलिए भी सौंपा गया है क्योंकि लोकसभा चुनाव के दौरान शहरी क्षेत्रों में कांग्रेस को कम वोटें मिली थीं। मुख्यमंत्री ने हिन्दू कैबिनेट मंत्री को आगे लाते हुए निकाय विभाग जैसा शक्तिशाली विभाग सौंप दिया है। 
  • इसी तरह से रजिया सुल्ताना के प्रदर्शन से मुख्यमंत्री प्रभावित हुए। उन्होंने संगरूर लोकसभा सीट में अपने मालेरकोटला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों को 13,000 से भी ज्यादा मतों की शानदार बढ़त दिलवाई थी इसलिए रजिया को पुराने विभाग वाटर सप्लाई व सैनीटेशन के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट जैसा महत्वपूर्ण विभाग भी दे दिया गया है। 
  • बलबीर सिद्धू ने पशुपालन विभाग में अच्छी कारगुजारी का प्रदर्शन किया था तथा लोकसभा चुनाव में भी उनका अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन बेहतर रहा था, इसलिए बलबीर सिद्धू को स्वास्थ्य जैसा महत्वपूर्ण विभाग देकर उनका कद बढ़ाया गया। 
  • सुख सरकारिया से चाहे राजस्व विभाग वापस लिया गया है परन्तु उन्हें उनके पुराने खनन, जल संसाधन विभागों के साथ शहरी विकास व आवास विभाग भी दे दिया गया है। सरकारिया का भी कद बढ़ा है। दूसरी तरफ गुरदासपुर लोकसभा सीट में पड़ते दीनानगर क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी कांग्रेस उम्मीदवार व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ को लीड नहीं दिलवा सकी। उलटा वह अपने विधानसभा क्षेत्र में 20,523 वोटों से पीछे रह गई इसलिए मुख्यमंत्री ने उनसे ट्रांसपोर्ट विभाग वापस लेते हुए उन्हें सामाजिक सुरक्षा व महिला कल्याण विभाग दे दिया। 

Vatika