पंजाब को नया मुख्यमंत्री देने के AAP के ‘हसीन सपने‘: कैप्टन

punjabkesari.in Friday, Feb 12, 2021 - 09:40 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश को अगले साल होने वाले विधानसभा में नया मुख्यमंत्री देने के दावों को ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने‘ करार दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यहां जारी बयान में कहा कि जिस पार्टी के पास प्रदेश में कोई चेहरा नहीं है और स्थानीय निकाय चुनावों में भी जिसे दिल्ली से नेता बुलाने पड़ते हैं, उसका 2022 के चुनावों में मुख्यमंत्री का चेहरा देने का वायदा करना बेतुका है। 

मुख्यमंत्री ने पार्टी पर नवंबर में दिल्ली में एक कृषि कानून लागू कर किसानों के हित बेचने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसी पार्टी पंजाब व पंजाबियत को क्या समझेगी। उन्होंने कहा कि आप न पंजाब को समझती है न लोगों की समस्याओं से उसे कोई वास्ता है, वह सिर्फ शासन करना चाहती है। कैप्टन ने पिछले कुछ सालों में आप के कुछ नेताओं व सदस्यों के पार्टी छोड़ने का जिक्र करते हुए कहा कि असल में पार्टी का यहां कोई अस्तित्व ही नहीं है। 

उन्होंने पार्टी पर भाजपा के इशारे पर दिल्ली की सीमाओं पर लगभग ढाई महीने से डटे किसानों को छलने का आरोप लगाया और कहा कि दिल्ली के बाहर ‘अरविंद केजरीवाल‘ की पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है और बहुत जल्द वहां से भी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

Content Writer

Mohit