कैप्टन व जाखड़ दिल्ली पहुंचे, राहुल से कैबिनेट विस्तार को लेकर अहम बैठक आज

punjabkesari.in Thursday, Apr 19, 2018 - 09:11 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ आज दिल्ली पहुंच गए हैं जहां कल शाम 3 बजे उनकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक होगी, जिसमें पंजाब कैबिनेट में प्रस्तावित विस्तार को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों से पता चला है कि बैठक में पंजाब की प्रभारी आशा कुमारी तथा सह-प्रभारी हरीश चौधरी भी भाग लेंगे। सूत्रों ने कहा कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह आज सुबह चंडीगढ़ में थे तथा दोपहर को वह हैलीकॉप्टर से दिल्ली पहुंच गए, जबकि जाखड़ पहले दिल्ली में थे परन्तु एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मोगा आए थे। बाद में वह भी दिल्ली पहुंच गए। 


पंजाब कैबिनेट में विस्तार पिछले कई महीनों से प्रतीक्षित है। राहुल गांधी के साथ बैठक में प्रस्तावित मंत्रियों के नामों पर मोहर लग जाने पर कैबिनेट में विस्तार 1-2 दिनों के अंदर कर दिए जाने के आसार हैं। इस बैठक में पंजाब कांग्रेस को मिशन-2019 के लिए तैयार करने के विषय पर भी चर्चा होगी तथा पंजाब कांग्रेस द्वारा बनाए जाने वाले नए जिला प्रधानों पर भी चर्चा होने के आसार हैं। बताया जाता है कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने प्रस्तावित मंत्रियों के नामों पर एक नोट तैयार कर लिया है। बैठक में यह तय होगा कि कैप्टन मंत्रिमंडल में सभी खाली पड़े मंत्रियों के पदों को भर दिया जाए या फिर इस समय 6-7 नए मंत्री बनाकर भविष्य में एक और मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता खुला रखा जाए। 


सूत्रों ने बताया कि मंत्री बनने के इच्छुक विधायकों द्वारा अपने पदों को सुरक्षित करने के लिए पूरा जोर लगाया गया है। कोई कैप्टन अमरेन्द्र सिंह, कोई सुनील जाखड़ तो कोई कांग्रेस नेतृत्व के साथ सीधे सम्पर्क साधने में जुटा हुआ है। मंत्रिमंडल विस्तार के समय कुछ युवा चेहरों को मौका दिए जाने के आसार हैं। इससे कांग्रेस नौजवानों के अंदर सत्ता में भागेदारी का संदेश भेजना चाहती है। राहुल के साथ प्रस्तावित बैठक में मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह द्वारा निकट भविष्य में बनाए जाने वाले लैजिस्लेटिव असिस्टैंट्स के विषय पर भी बातचीत होगी। लैजिस्लेटिव असिस्टैंट्स के तौर पर लगभग 20 विधायकों को मंत्रियों के साथ जोड़ दिया जाएगा। इससे विधायक सरकार में अपनी भागेदारी को महसूस करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री जल्द ही लैजिस्लेटिव असिस्टैंट्स की नियुक्तियां भी करने के इच्छुक हैं। 

Sonia Goswami