कैप्टन ने केंद्रीय कृषि कानून संबंधी 24 को बुलाई ऑल पार्टी मीटिंग

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2020 - 09:02 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानून पर 24 जून बुधवार को सर्व पार्टी बैठक बुलाई है। वीडियो कॉन्फ्रंसिंग के जरिए होने वाली इस बैठक में नए कानून के साथ पंजाब के किसानों पर पड़ने वाले प्रभावों की समीक्षा होगी और कानून के विरोध पर सर्व समिति बनाने की कोशिश की जाएगी। वैसे कांग्रेस पहले ही केंद्र सरकार द्वारा पास किए गए तीन नए ऑरडीनैंसों को किसान विरोधी बता चुकी है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ तो इसे काला कानून करार दे चुके हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर कृषि क्षेत्र के तीनों नए ऑरडीनैंसों की समीक्षा करने की अपील की है। इसके साथ ही पंजाब के किसानों के हक में कांग्रेस ने पूरे राज्य में इस नए कानून के विरोध में लोक मुहिम भी शुरू कर दी है। इस कड़ी में अब कांग्रेस सरकार सभी पार्टियों के साथ बैठक करने की तैयारी में है।

इसी महीने ऐलानी जाएगी पंजाब कांग्रेस की नई कार्यकारिणी
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का ऐलान इस महीने कर दिया जाएगा। इस संबंधी प्रदेश कांग्रेस इंचार्ज आशा कुमारी, मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह और पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने बैठक की। बैठक में कार्यकारिणी के अधिकारियों के नाम फाइनल किए गए। बताया जा रहा है कि अगले 1-2 दिनों में इन नामों पर कांग्रेस हाईकमान की मोहर लग जाएगी और अगले हफ्ते तक पहली सूची का ऐलान कर दिया जाएगा। इस महीने के अंत तक पूरी कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया जाएगा। कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी ने जनवरी में पंजाब प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। तभी से नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर कोशिशें जारी हैं।

Edited By

Sunita sarangal