पंजाब कांग्रेस में सिद्धू की Entry को लेकर कैप्टन ने कही ये बड़ी बात

punjabkesari.in Thursday, Mar 18, 2021 - 01:36 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कांग्रेस में नवजोत सिद्धू की एंट्री पर बोलते कहा कि अगर वह मेरा पद लेना चाहते हैं तो ले ले लेकिन फैसला हाईकमान करेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नवजोत सिंह सिद्धू उनके मंत्रिमंडल में वापस होंगे। क्रिक्रेट से राजनीति में आये सिद्धू ने दो साल पहले अहम विभाग वापस ले लिए जाने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

सिंह के इस बयान से एक दिन पहले ही दोनों कांग्रेस नेताओं की चंडीगढ़ के समीप मुख्यमंत्री के फार्म हाउस पर करीब 40 मिनट तक उनके बीच यह बैठक हुई। उसमें दोनों ने राज्य मंत्रिमंडल में उनकी (सिद्धू की) वापसी पर चर्चा की। कैप्टन ने बैठक के बाद गुरुवार  को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ सभी चाहते हैं कि नवजोत हमारी टीम का हिस्सा बनें।'' मुख्यमंत्री अपनी सरकार के चार साल पूरे होने पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। दोनों के बीच यह बैठक कांग्रेस विधायक सिद्धू की राज्य मंत्रिमंडल में वापसी की अटकलों के बीच हुई थी। कैप्टन ने कहा, ‘‘ हमारे बीच अच्छी बैठक हुई। उन्होंने मेरे साथ चाय पी।'' सिद्धू का कोई अन्य कार्यक्रम होने की वजह से हम दोनों साथ भोजन नहीं कर पाए। 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ उन्होंने कुछ वक्त मांगा है। उन्हें समय लेने दीजिए। तब वह हमारे पास लौटेंगे। मुझे यकीन है कि वह हमारी टीम का हिस्सा होंगे।'' जब उनसे पूछा गया कि क्या सिद्धू उपमुख्यमंत्री या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद चाहते हैं तब मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विषयों पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को निर्णय लेना है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह मेरा या (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) सुनील जी का निर्णय नहीं होगा। वो जो भी चाहते हैं, उन पर कांग्रेस अध्यक्ष को निर्णय लेना है। ''  कैप्टन ने मजाकिये लहजे में कहा, ‘‘ यदि वह मेरा काम चाहते हैं तो वह भी ले सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि वह सिद्धू को तब से जानते हैं जब वह दो साल के थे। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने ट्विटर पर दोनों नेताओं के एक साथ फोटो साझा किया जो उनके बीच संबंधों में सुधार आने का संकेत है। पिछले कई सप्ताह से कांग्रेस के गलियारों में सिद्धू को फिर कैबिनेट पद मिलने की अटकलें हैं। वैसे सिद्ध को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की की भी चर्चा है। अमरेंद्र सिंह और सिद्धू के बीच मई, 2019 में तब तनाव सामने आ गया था जब मुख्यमंत्री ने उन्हें स्थानीय शासन विभाग के ‘अकुशल कामकाज'के लिए जिम्मेदार ठहराया था और दावा किया था कि लोकसभा चुनाव में शहरी क्षेत्रों में इसी के कारण कांग्रेस का खराब प्रदर्शन रहा। 


 

Content Writer

Vatika