केन्द्र में सभी उच्च पदों पर गुजरात कैडर की अफसरशाही का कब्जा

punjabkesari.in Saturday, Dec 01, 2018 - 07:57 PM (IST)

जालंधर(धवन): केन्द्र में सभी उच्च पदों पर गुजरात कैडर की अफसरशाही का कब्जा हो चुका है, जिसे लेकर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस तथा उसकी सहयोगी पार्टी के नेता व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू काफी खफा दिखाई दे रहे हैं। 

कांग्रेस ने भी बार-बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि केन्द्र सरकार के सभी उच्च पदों पर उन्होंने गुजरात के अधिकारियों की नियुक्तियां कर रखी हैं ताकि उनसे अपनी मनपसंद के कार्य करवा सकें। चंद्रबाबू नायडू का कहना है कि गुजरात एक छोटा राज्य है, जबकि दिल्ली एक बड़ा स्थान है। दिल्ली को देश के 29 राज्यों से संपर्क साधना होता है। अगर एक छोटे स्थान से सभी अधिकारियों को लाकर दिल्ली में तैनात कर दिया जाए तो फिर अयोग्य अधिकारियों की नियुक्तियां दिल्ली में हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि देश में सभी राज्यों में मेहनती अधिकारी काम कर रहे हैं तथा केन्द्र को चाहिए कि सभी राज्यों से अधिकारियों को लेकर काम किया जाए। 

उन्होंने कहा कि केन्द्र में गुजरात कैडर के अधिकारियों का कब्जा होने से सुशासन पर असर पड़ रहा है तथा समूचा प्रशासन निराशा की हालत में दिखाई दे रहा है। नायडू ने यह भी कह दिया कि मोदी सरकार तो अब देश में संवैधानिक संस्थाओं व एजैंसियों को खत्म करने में लगी हुई है। राजनीतिक लाभ के लिए उसने सी.बी.आई. तथा न्यायपालिका जैसी संस्थाओं की गरिमा को भी आंच पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में तैनात अधिकांश गुजरात कैडर के अधिकारी अयोग्य हैं, जो राज्यों को भी सहयोग नहीं दे रहे हैं। मैरिट पर सरकार नियुक्तियां नहीं कर रही है। इसका नतीजा यह हुआ है कि राष्ट्रीय स्तर पर अफसरशाही की गुणवत्ता में भारी गिरावट देखी जा रही है। 

उन्होंने कहा कि देश के किसान हताशा की स्थिति में हैं। मोदी ने किसानों की आमदनी दुगुनी करने का ऐलान किया था परन्तु इस दिशा में कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने 2014 में मोदी को पूर्ण बहुमत दिया था परन्तु फिर भी वह अपने वायदों को पूरा करने में सफल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अयोग्य अधिकारियों के कारण न केवल केन्द्र सरकार का कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि इससे राज्यों का शासन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी को सत्ता से हटाने के लिए ही वह कांग्रेस के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजनीति में और अधिक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 

Vaneet