चलती ट्रेन का दरवाजा टूटकर कार पर गिरा, एक ही परिवार के 5 लोग घायल

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 02:28 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा चौक के पास एक बहुत ही अजीब और भयानक हादसा सामने आया है। यहां, रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रही एक चलती ट्रेन (मालगाड़ी) का दरवाजा अचानक टूटकर नीचे सड़क पर गुजर रही एक कार पर गिर गया। ट्रेन के दरवाजे से कार की छत और आगे का शीशा टूट गया, जिससे कार के शीशे उड़ गए और अंदर बैठा पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। 

यह हादसा तब हुआ जब एक ही परिवार के 5 लोग कार में सवार होकर हल्लोमाजरा पुल के नीचे से गुजर रहे थे। उसी समय, ऊपर रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी। अचानक, मालगाड़ी का एक बहुत भारी लोहे का दरवाजा टूटकर सीधे नीचे आ रही कार पर गिर गया। दरवाजा इतना भारी था कि उसने कार के शीशे और छत को तोड़ दिया और अंदर घुस गया।

दरवाजा गिरने से कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। इनमें से एक 25 साल की लड़की के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है। मालगाड़ी लुधियाना से चंडीगढ़ आ रही थी। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद PCR ने लड़की को GMCH-32 में भर्ती कराया। उसके सिर में चोट आई है। मामले की जांच GRP और सेक्टर-31 थाने की पुलिस कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-35 की रहने वाली प्रीति अपने परिवार के साथ हल्लोमाजरा में अपनी दादी से मिलकर कार से घर लौट रही थी। शाम करीब 4:10 बजे जब कार हल्लोमाजरा में रेलवे अंडरब्रिज से गुजरने लगी, तो अचानक पुल के ऊपर से गुजर रही मालगाड़ी का लोहे का दरवाजा टूटकर कार पर गिर गया। GRP का कहना है कि यह मामला चंडीगढ़ पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है और आगे की कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस ही करेगी। पुलिस के मुताबिक, इस बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।

कार के नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

मालगाड़ी का दरवाजा टूटकर कार पर गिरने से गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। सवाल यह है कि इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा? इसके अलावा लड़की के सिर पर भी चोट आई है। इस चोट की जिम्मेदारी कौन लेगा?

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News