ओवरटेक करते समय बेकाबू कार ट्रॉली से टकराई, 22 साल के युवक की मौ/त

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 01:10 PM (IST)

डेराबस्सी (गुरजीत): डेराबस्सी के बेहड़ा रोड पर थापर यूनिवर्सिटी और मीट प्लांट के पास रविवार शाम हुए एक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब पराली की गांठों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय कार का कंट्रोल बिगड़ गया और वह ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई। मृतक की पहचान अजय मिश्रा (22) पुत्र गोपाल मिश्रा मूल निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह हरियाणा में एक ग्लास फैक्ट्री में काम करता था और दोस्तों से मिलने डेराबस्सी आया था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उसकी सगाई हुई थी। मामले के जांच अधिकारी ए.एस.आई. दिलबाग सिंह के मुताबिक अजय रविवार शाम को अपने दोस्त के साथ यूपी नंबर की कार में जा रहा था। उसका दोस्त कार चला रहा था, जबकि अजय आगे की सीट पर बैठा था।

थापर यूनिवर्सिटी से करीब 100 गज आगे कार ड्राइवर ने आगे चल रही पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक इसी बीच सामने से आ रही एक अनजान गाड़ी की तेज लाइट कार ड्राइवर की आंखों पर पड़ी, जिससे उसे आगे देखने में दिक्कत हुई। टक्कर से बचने के लिए जब उसने ब्रेक लगाए, तो कार कंट्रोल से बाहर हो गई और पैसेंजर साइड से ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बायां हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। इस साइड बैठे अजय मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। ASI दिलबाग सिंह ने बताया कि सोमवार को पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News