स्टेज पर AAP विधायक के बुजुर्ग को लात मारने का मामला, पीड़ित ने खोले कई राज

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 12:15 PM (IST)

पंजाब डेस्क : नाभा से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदेव सिंह देव मान द्वारा एक बुजुर्ग के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला लगातार चर्चा में है। इस मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर हुई थी जिसके बाद विधायक ने सफाई भी दी थी। वहीं अब इस मामले को लेकर बुजुर्ग भी सामने आया है। बुजुर्ग ने कहा कि विधायक ने जो दावा किया था कि वह नशे में था ये गलत है। उन्होंने कहा कि वह मंच पर गायक को पैसे देने गया था पर विधायक ने उन्हें पकड़कर लात मारकर नीचे उतार दिया।   

पीड़ित कुलवंत सिंह, जो संगरूर के सारोन गांव के रहने वाले हैं, ने कहा कि वह हर साल की तरह इस बार भी दुगरी में आयोजित अमर सिंह चमकीला की बरसी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि गायक का प्रदर्शन पसंद आने पर वह उसे नकद इनाम देने के लिए स्टेज पर गए थे। उनके अनुसार इस दौरान विधायक ने उनका हाथ पकड़कर मंच से घसीटा और लात मारकर नीचे गिरा दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। कुलवंत सिंह ने यह भी कहा कि वह पहले आम आदमी पार्टी के लिए काम कर चुके हैं, लेकिन इस घटना के बाद वह बेहद आहत हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब उनके गांव में किसी आप विधायक को आने नहीं दिया जाएगा और न ही उन्हें समर्थन दिया जाएगा।

गौरतलब है कि लुधियाना के दुगरी इलाके में 8 मार्च को अमर सिंह चमकीला और अमरजोत कौर की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ था। यहां विधायक गुरदेव सिंह देव मान मंच पर मौजूद एक बुजुर्ग को पैर से धक्का देते दिखाई दिए थे। बाद में विधायक ने सफाई देते हुए कहा था कि संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था और बार-बार मंच पर चढ़ रहा था। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे सत्ता के अहंकार से जोड़ा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News