16 वर्षीय नाबालिग से कथित गलत हरकत, आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 03:45 PM (IST)
पटियाला (सुखमीत सिंह) : पटियाला में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।
थाना त्रिपुरी, पटियाला के थाना मुखी बलविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा FIR नंबर 242, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज की गई है। मामले में BNS की धाराओं 74, 137(2) तथा POCSO एक्ट 2012 की धाराओं 7 और 8 के तहत कार्रवाई की गई है।
स्कूल से अपने साथ ले जाने का आरोप
थाना मुखी बलविंदर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर नाबालिग लड़की को स्कूल से अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह उसे एक पार्क में ले गया, जहां कथित तौर पर अश्लील हरकतें और गलत व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।
ऑटो चालक है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी ऑटो चालक है और मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले कुछ समय से पटियाला की सुखराम कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में नाबालिग लड़की का मेडिकल भी करवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना मुखी बलविंदर सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों से रोजाना बातचीत करें और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी रखें। यदि कोई बच्चा किसी भी तरह की परेशानी, गलत व्यवहार या ऐसी घटना के बारे में बताता है तो इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

