भाजपा कार्यालय पर पैट्रोल बम फैंकने वाले 2 गिरफ्तार, जांच में हुआ खुलासा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 11:48 AM (IST)
संगरूर (सिंगला, सिंधवानी): संगरूर में भाजपा के जिला कार्यालय पर हुए पैट्रोल बम हमले के मामले में पुलिस ने 24 घंटों के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संगरूर की एस.एस.पी. डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल ने बताया कि 26 जुलाई की तड़के करीब 2.35 बजे 2 अज्ञात युवकों ने भाजपा कार्यालय की इमारत पर जलता हुआ पैट्रोल बम फैंका था। इस घटना का उद्देश्य माहौल खराब करना और सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना था।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनिंदर सिंह के बयान पर थाना सिटी-1 संगरूर में आपराधिक मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई थी। पुलिस और काऊंटर इंटैलीजैंस की विशेष टीमों ने तकनीकी एवं मानवीय खुफिया तंत्र की सहायता से आरोपियों को ट्रेस किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैप्पी सिंह उर्फ हैप्पी निवासी भम्माबद्दी और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी निवासी लहरा के रूप में हुई है जिनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए ‘राणा भाई’ नामक व्यक्ति के सम्पर्क में थे। उसने वारदात को अंजाम देने और उसकी वीडियो भेजने पर भारी रकम देने का वादा किया था, जिसमें से 2,200 रुपए पहले ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पुलिस अब ‘राणा भाई’ के सोशल मीडिया अकाऊंट तथा यू.पी.आई. आई.डी. की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

