बैंक में पैसे जमा करवाने आए व्यक्ति की जेब से 50 हजार गायब, CCTV में कैद हुई वारदात
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 05:22 PM (IST)
टांडा उड़मुड़ (पंडित): पंजाब नेशनल बैंक की अड्डा सरां शाखा में राशि जमा करवाने पहुंचे एक व्यक्ति की जेब से दो युवकों द्वारा कथित तौर पर नाटकीय ढंग से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। चोरी की पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार गांव धूत खुर्द निवासी निर्मल सिंह पुत्र महिंदर सिंह सोमवार दोपहर अपने बैंक खाते में एक लाख रुपये जमा करवाने के लिए पहुंचा था। मौके पर बैंक अधिकारियों ने उसे बताया कि खाते में एक समय में केवल 50 हजार रुपये नकद जमा करवाए जा सकते हैं। इसके बाद निर्मल सिंह ने 50 हजार रुपये जमा करवाने के लिए फार्म भर दिया और बाकी राशि जमा करवाने के लिए दूसरा फार्म भरने लगा।
इसी दौरान बैंक में पहले से मौजूद एक युवक ने कथित तौर पर मौका पाकर निर्मल सिंह की जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए और वहां से फरार हो गया। करीब पांच मिनट बाद निर्मल सिंह को अपनी जेब से पैसे गायब होने का पता चला। उसने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने पर एक युवक को कथित तौर पर राशि निकालकर वहां से जाते हुए देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही बैंक मैनेजर ने पुलिस चौकी को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध युवक की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। बैंक मैनेजर ने बताया कि फिलहाल शाखा में कोई बैंक गार्ड उपलब्ध नहीं है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

