Punjab: मैरिज पैलेस की आड़ में ''कसीनो''...आगे पैलेस पीछे कमरों में चल रहा था लाखों का जुआ!
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 04:42 PM (IST)
लुधियाना (राज): पखोवाल रोड पर नियमों और खाकी के खौफ को ठेंगा दिखाकर एक बड़े जुआ अड्डे के संचालन का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, भाई वाला गुरुद्वारा साहिब के ठीक सामने चौक के नजदीक स्थित एक मैरिज पैलेस के पिछले कमरों में पिछले करीब एक महीने से बेखौफ होकर लाखों रुपये की जुआ महफिलें सजाई जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस ठिकाने पर आगे तो मैरिज पैलेस और सामान्य होटल जैसा माहौल दिखाया जाता है, लेकिन परिसर के पिछले हिस्से में बने गुप्त कमरों में बाकायदा वी.आई.पी. अंदाज में जुए की बड़ी बिसात बिछाई जाती है। जहां रोजाना शहर और बाहर के बड़े रईसजादे और सटोरिए लाखों के दांव लगा रहे हैं। चर्चा यह भी है कि महफिल को रंगीन बनाने और जुआरियों को रिझाने के लिए यहां युवतियों को भी बुलाया गया, जिसकी आड़ में अन्य संदिग्ध गतिविधियों को भी अंजाम दिया जा रहा है।
एक महीने से सक्रिय
हैरानी की बात यह है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस परिसर में पिछले एक महीने से रात के अंधेरे में गाड़ियों का तांता और संदिग्ध लोगों का आना-जाना जारी है। इलाके के जागरूक नागरिकों का कहना है कि इतने संवेदनशील और व्यस्त इलाके में इतने बड़े पैमाने पर अवैध कसीनो जैसा खेल चलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
छापेमारी और सख्त कार्रवाई की उठी मांग
इलाके में कानून-व्यवस्था और माहौल खराब होने की आशंका को देखते हुए अब पुलिस कमिश्नर से इस अड्डे पर तुरंत विशेष टीम गठित कर गुप्त छापेमारी करने की मांग की जा रही है। शहरवासियों का कहना है कि रिहायशी और धार्मिक स्थल के नजदीक इस तरह की अनैतिक और गैरकानूनी गतिविधियों पर तुरंत ताला लगना चाहिए और इसमें संलिप्त सफेदपोशों व संचालकों को बेनकाब किया जाना जरूरी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

