लुधियाना में CASO ऑपरेशन का बड़ा असर, भारी मात्रा में ड्रग्स सहित 7 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 04:55 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) के नेतृत्व में पूरे महानगर में हफ्ता भर चले सघन कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) और खुफिया इनपुट आधारित छापों के दौरान पुलिस ने अंतर-राज्यीय ड्रग सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है। इस सिलसिलेवार कार्रवाई में पुलिस ने व्यावसायिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) में 16 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अफीम, 3.134 किलोग्राम हेरोइन, 1 लाख 5 हजार रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल एक लग्जरी कार बरामद करते हुए 7 मुख्य सरगनाओं को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

PunjabKesari

कमिश्नरेट पुलिस की विभिन्न विशेष टीमों द्वारा सप्ताह भर में की गई कुल बरामदगी का ब्योरा इस प्रकार है:

  • कमर्शियल अफीम: 16.00 किलोग्राम (हाई क्वालिटी)
  • कमर्शियल हेरोइन: 3.134 किलोग्राम
  • बरामद ड्रग मनी: ₹1,05,000/- (नकद राशि)
  • जब्त वाहन: 01 मारुति सुजुकी बलेनो (PB 10 HK 3548)
  • उपकरण व सामग्री: 05 डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू (कांटे) और 80 पैकिंग लिफाफे
  • गिरफ्तारियां: नशा तस्करी के 07 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

PunjabKesari

ऑपरेशन 1: जमालपुर में 16 किलो अफीम और बलेनो कार सहित कुणाल उर्फ मुन्ना दबोचा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन रुपिंदर कौर भट्टी और एसीपी डिटेक्टिव-2 दीपकरन सिंह की देखरेख में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर जमालपुर इलाके में घेराबंदी की। टीम ने एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार (PB 10 HK 3548) को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें से 16 किलोग्राम शुद्ध अफीम और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। मौके से तस्कर कुणाल शर्मा उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया गया। थाना जमालपुर में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18, 25/61/85 के तहत एफआईआर नंबर 256 (दिनांक 06/10/2026) दर्ज की गई है।

ऑपरेशन 2: शिमलापुरी में 3.134 किलो हेरोइन व ₹1.05 लाख की ड्रग मनी बरामद

दूसरी बड़ी सफलता स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल की टीम को मिली। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्पेशल सेल ने थाना शिमलापुरी के इलाके में दबिश देकर अंतर-राज्यीय स्तर पर हेरोइन सप्लाई करने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। इस रेड के दौरान पुलिस ने 3.134 किलोग्राम हेरोइन, ₹1,05,000 की ड्रग मनी, 4 इलेक्ट्रॉनिक तराजू और हेरोइन की पुड़ियां बनाने के काम आने वाले 80 विशेष पैकिंग लिफाफे जब्त किए। थाना शिमलापुरी में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C के तहत एफआईआर नंबर 201 दर्ज कर आगे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

जसपाल बांगर और हीरो सुमन नगर में मेगा 'CASO': 42 संदिग्ध राउंडअप

नशे के हॉटस्पॉट इलाकों को पूरी तरह सील करने के लिए 7 अक्टूबर को थाना साहनेवाल के अधीन पड़ते जसपाल बांगर और हीरो सुमन नगर में विशाल कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह ऑपरेशन डीसीपी देहाती गुरसेवक सिंह और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें एडीसीपी-2 करनवीर सिंह, एडीसीपी रुपिंदर कौर भट्टी, एसीपी साउथ, एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-बी, एसीपी डिटेक्टिव-1, क्राइम विंग और जोन-2 के सभी थानों के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ शामिल हुए। घर-घर और संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी के दौरान 42 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान ताजा नशीले पदार्थ बरामद होने पर 8 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में नए मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

तस्करों की अवैध संपत्तियां होंगी फ्रीज: पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उनके अंतर-राज्यीय सप्लायरों और स्थानीय वितरण नेटवर्क (फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज) तक पहुंचा जा सके। कमिश्नर ने कहा कि तस्करों ने नशे के इस काले कारोबार से जो भी चल-अचल संपत्तियां बनाई हैं, उनके वित्तीय खातों और लेन-देन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और इन सभी अवैध संपत्तियों को कानूनन फ्रीज व जब्त किया जाएगा। पुलिस की विशेष टीमें अन्य राज्यों से जुड़े सप्लायरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News