खुशखबरी! CBSE ने Students को दी बड़ी राहत, जारी की नई गाइडलाइंस

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 10:41 AM (IST)

लुधियाना (विक्की): सैंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने तीन-भाषा नीति पर नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं, जिससे 10वीं और जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। बोर्ड ने साफ किया है कि कक्षा 10वीं के मौजूदा बैच पर यह नया नियम लागू नहीं होगा। वहीं इस समय कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को आगे चलकर तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा देने से पूरी तरह छूट दे दी गई है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तीन-भाषा नीति को लेकर यह निर्देश बेहद अहम हैं।

सबसे बड़ी खुशखबरी उन विद्यार्थियों के लिए है जो इस समय कक्षा 10वीं में पढ़ाई कर रहे हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि 10वीं के मौजूदा बैच के विद्यार्थियों पर यह नई तीन-भाषा नीति बिल्कुल लागू नहीं होगी। यानी इन विद्यार्थियों को अपनी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पुराने और तयशुदा ढर्रे पर ही करनी है। उनके लिए किसी भी नए नियम का कोई बंधन नहीं होगा।

कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से राहत

सीबीएसई ने कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं में पढ़ रहे मौजूदा बैच के विद्यार्थियों के लिए भी एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। नई गाइडलाइंस के मुताबिक, जब ये विद्यार्थी आगे बढ़कर कक्षा 10वीं में पहुंचेंगे, तो उन्हें तीसरी भाषा में कोई बोर्ड परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी। यह एक ऐसा फैसला है जिसने बच्चों के सिर से परीक्षा का तनाव काफी हद तक कम कर दिया है। इसके अलावा अक्सर देखा जाता था कि नई भाषा सीखने के दबाव में बच्चे मुख्य विषयों पर ध्यान नहीं दे पाते थे, लेकिन अब वे बिना किसी बोर्ड परीक्षा के डर के सहज होकर पढ़ाई कर सकेंगे।

विदेशी भाषा चुनने वाले विद्यार्थियों के लिए नया नियम

अक्सर कई स्कूलों में बच्चे दो विदेशी भाषाएं चुन लेते हैं। सीबीएसई ने इस मामले को भी बड़ी संजीदगी से सुलझाया है। कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं के जिन विद्यार्थियों ने पहले से ही दो विदेशी भाषाओं का चयन कर रखा है, वे अपनी उन भाषाओं की पढ़ाई को आगे भी जारी रख सकेंगे। हालांकि, इसके साथ ही बोर्ड ने एक छोटी सी शर्त जोड़ी है। नए नियम के मुताबिक, इन विद्यार्थियों को अपनी दो विदेशी भाषाओं के साथ एक अतिरिक्त भारतीय भाषा को भी अपने पाठ्यक्रम में शामिल करना होगा।

गौरतलब है कि किसी भी नई नीति को जमीन पर उतारने के लिए सही किताबों और स्टडी मटेरियल की जरूरत होती है। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों के क्लास और ग्रेड के हिसाब से बिल्कुल सटीक और उपयुक्त संसाधन सामग्री एक तय समय सीमा के भीतर स्कूलों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे अध्यापकों को भी पढ़ाने में आसानी होगी और बच्चों को भी नए नियमों के मुताबिक ढलने में वक्त नहीं लगेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News