सोशल मीडिया ने देश के सबसे बड़े बोर्ड के लिए खड़ी की मुसीबत, पुलिस को दी शिकायत

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 10:16 AM (IST)

लुधियाना(विक्की): ट्विटर पर अपने नाम से चल रहे कई फेक अकाऊंट्स  से परेशान सी.बी.एस.ई. को अब यू-ट्यूब पर प्रसारित हो रहे फर्जी प्रश्न पत्रों ने टैंशन डाल दी है। यही वजह है कि सी.बी.एस.ई. ने ऐसे फर्जी प्रश्न पत्रों के लिंक जारी किए हैं और अभिभावकों व छात्रों को इसके झांसे में न आने की सलाह दी है। सी.बी.एस.ई. ने कहा है कि यू-ट्यूब पर दिखाई देने वाली वीडियो में प्रश्न पत्रों को लेकर किए गए दावे झूठे हैं। बोर्ड ने अभिभावकों व छात्रों से कहा है कि वे ऐसे फर्जी प्रश्न पत्रों पर अपनी प्रतिक्रिया न  दें, न ही इन्हें आगे फारवर्ड करने का काम करें।   

सोशल साइंस व इकोनॉमिक्स के प्रश्न पत्र हैं अपलोड 
अब एक बार फिर बोर्ड को यू-ट्यूब पर फर्जी प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी मिली है। बोर्ड का कहना है कि इन लिंक पर ऐसे प्रश्न पत्र जारी किए गए हैं, जिन विषयों की परीक्षा अभी संचालित होनी है। उदाहरण के तौर पर 10वीं के सोशल साइंस विषय का फर्जी प्रश्न पत्र 15 मार्च को अपलोड हुआ, जबकि इस विषय की परीक्षा 29 मार्च को है। इसी तरह से 12वीं के इकोनॉमिक्स की परीक्षा 27 मार्च को है। इसके लिए फर्जी प्रश्न पत्र 16 मार्च को अपलोड हुआ है। बोर्ड ने साफ कहा है कि स्टूडैंट्स को ऐसी फर्जी अफवाहों पर ध्यान देने से गुरेज कर अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए।

पहले भी दर्ज हो चुकी है एफ.आई.आर.
हालांकि सी.बी.एस.ई. ने कहा कि बोर्ड ऐसी गतिविधियों बारे पुलिस को जानकारी दे रहा है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।  इसके अलावा परीक्षाओं से पहले प्रश्न पत्र लीक होने और प्रश्न पत्र की उपलब्धता के बारे में फर्जी खबरें प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस के पास पहले से ही एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। यहां बता दें कि इससे पहले भी बोर्ड ने 6 व 8 मार्च को इस तरह के लिंक पर फर्जी प्रश्न पत्र की जानकारी मिलने पर दिल्ली के मधु विहार थाने में मामला दर्ज करवाया था।

Vatika