CBSE मैथ्स पेपर का QR स्कैन करते ही बजने लगा Pop Song, विवाद छिड़ने से बोर्ड ने दी सफाई

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 10:34 AM (IST)

लुधियाना (विक्की): सीबीएसई 12वीं कक्षा के मैथ्स के प्रश्न पत्र में क्यू.आर. कोड को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र में कयू आर कोड को स्कैन करने पर अंग्रेजी गायक रिक एस्टली के पॉपुलर गाने ‘Never Gonna Give You Up’ का यूट्यूब पर वीडियो खुल रहा था। इस घटना के बाद परीक्षा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर मीमस भी तेजी से वायरल होने लगे।

हालांकि विवाद पर सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) ने स्पष्टीकरण भी जारी किया। सी.बी.एस.ई. ने पुष्टि की है कि वायरल प्रश्न पत्र की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगी है। बोर्ड ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह है पूरा मामला 

दरअसल 12वीं गणित की परीक्षा के प्रश्न पत्र पर मौजूद क्यू.आर. कोड ने विद्यार्थियों को भ्रम में डाल दिया। बच्चों और अभिभावकों में भी प्रश्न पत्रों की प्रामाणिकता को लेकर चिंता पैदा हो गई और उन्हें पेपर के साथ छेड़छाड़ का डर सताने लगा। सी.बी.एस.ई. ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि क्यू.आर. कोड सुरक्षा और ऑथेंटिकेशन के लिए होता है, ताकि किसी भी संभावित लीक की स्थिति में प्रश्न पत्र को कन्फर्म किया जा सके। बोर्ड ने आश्वासन दिया है कि परीक्षा की सुरक्षा पूरी तरह बरकरार है। हालांकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर मीम्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि वह एग्जाम में 'इंटीग्रल्स' हल करने की कोशिश कर रहा था और बोर्ड ‘रिकरोल’ कर रहा था। यूजर्स ने इस मामले में शिक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को टैग कर जांच की मांग भी की।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News