केन्द्र ने पंजाब से दूसरे एम्स की स्थापना के लिए प्रस्ताव मांगा

punjabkesari.in Tuesday, Jul 16, 2019 - 09:20 PM (IST)

नई दिल्ली/चंडीगढ़: केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने पंजाब सरकार की राज्य में दूसरे एम्स की स्थापना की मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए इस आशय का प्रस्ताव देने को कहा है।        

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज यहां डॉ हर्षवर्धन से मुलाकात कर राज्य में दूसरे एम्स की स्थापना की मांग की थी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र को अपना प्रस्ताव भेजे और केन्द्र गुरू नानक देव के 550 वें प्रकाश उत्सव के मौके पर इसे राज्य सरकार को समर्पित करने पर विचार करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री ने भी इस बारे में बात किये जाने पर आम बजट पेश किए जाने के बाद इस पर विचार का भरोसा दिलाया था। राज्य में पहला एम्स बठिंडा में बनाया जा रहा है। दूसरे एम्स का प्रस्ताव लुधियाना या जालंधर में किया जायेगा। इसके लिए जालंधर स्थित पी आईएमएस इमारत को प्रयोग में लाया जा सकता है। 

कैप्टन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री से फिरोजपुर में पी.जी.आई सैटेलाइट सैंटर की मंजूरी की भी मांग की। राज्य सरकार ने इस सम्बन्ध में जमीन पी.जी.आई को दे दी है परन्तु इससे संबंधित फाइल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए लम्बित है। फिरोजपुर सरहदी जिला है और यह विकास के लिए नीति आयोग द्वारा चुने गए 120 पिछड़े जिलों में शामिल है। दोनों नेताओं ने नशे की समस्या पर भी विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में नशे के संबंध में राष्ट्रीय नीति की मांग दोहराई। उन्होंने इस समस्या से ग्रस्त लोगों के इलाज के लिए केंद्रीय सहायता की मांग की। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस पर सहमति जताई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News