किसानों को बड़ी सौगात! केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों का MSP बढ़ाया
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 09:15 PM (IST)
जालंधर : केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) की बैठक में मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के MSP को मंजूरी दी गई। सरकार के इस फैसले से देशभर के करोड़ों किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सूरजमुखी बीज के MSP में की गई है, जिसमें 622 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। इसके अलावा कपास पर 557 रुपए, नाइजरसीड पर 515 रुपए और तिल पर 500 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।
धान (कॉमन) का MSP 2369 रुपए से बढ़ाकर 2441 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि ग्रेड-ए धान का MSP 2389 रुपए से बढ़ाकर 2461 रुपए कर दिया गया है। वहीं बाजरा का MSP 2775 रुपए से बढ़ाकर 2900 रुपए और मक्का का MSP 2400 रुपए से बढ़ाकर 2410 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।
दालों में अरहर (तूर) का MSP 8000 रुपए से बढ़ाकर 8450 रुपए कर दिया गया है। उड़द का MSP 7800 रुपए से बढ़ाकर 8200 रुपए और मूंग का MSP 8768 रुपए से बढ़ाकर 8780 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।
तेलहन फसलों में भी किसानों को बड़ी राहत मिली है। मूंगफली का MSP 7263 रुपए से बढ़ाकर 7517 रुपए, सोयाबीन का MSP 5328 रुपए से बढ़ाकर 5708 रुपए, सूरजमुखी बीज का MSP 7721 रुपए से बढ़ाकर 8343 रुपए और तिल का MSP 9846 रुपए से बढ़ाकर 10346 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि MSP में यह बढ़ोतरी किसानों को उनकी लागत का कम से कम डेढ़ गुना लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। सरकार ने दावा किया कि इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। सरकार के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में MSP के जरिए किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। खरीफ फसलों की खरीद में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। केंद्र सरकार के इस फैसले को आगामी सीजन से पहले किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।



