पंजाब में सेंट्रल जेल का डिप्टी सुपरिटेंडेंट नशा तस्करी में गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 01:58 PM (IST)

पंजाब डेस्क : होशियारपुर की सेंट्रल जेल से जुड़े एक गंभीर मामले में CIA स्टाफ ने जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वह जेल के भीतर बंद कैदियों से नशे की बिक्री करवाते थे।

मामला उस समय सामने आया जब जेल में बंद कैदी मनप्रीत मन्ना ने एक वीडियो जारी कर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में मन्ना ने दावा किया था कि जेल के अंदर खुलेआम नशे का कारोबार हो रहा है और रात के समय चक्की एरिया में संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। उसने अपने हाथ में एक पुड़िया दिखाते हुए उसमें ‘आइस’ (मेथामफेटामाइन) जैसे सिंथेटिक नशे के होने की बात कही थी।

इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने 14 जून को थाना होशियारपुर सिटी में पंजाब प्रिजन्स एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, NDPS एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR नंबर 151 दर्ज की थी। इसके बाद आरोपों की गहन जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद CIA स्टाफ ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गिरफ्तारी किन ठोस सबूतों के आधार पर की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कैदी मनप्रीत मन्ना द्वारा लगाए गए आरोपों में सच्चाई पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में जेल प्रशासन से जुड़े और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News