तापमान में गिरावट जारी, नववर्ष पर बारिश पड़ने की संभावना

punjabkesari.in Friday, Dec 27, 2019 - 09:09 AM (IST)

जालंधर(राहुल): नगर में ग्रहण अवधि समाप्त होते ही सूरज ने बादलों की ओट से कुछ पलों के लिए निकल कर अपनी मौजूदगी दर्ज तो करवाई पर इससे जालंधर में जारी ठंड के प्रकोप में कोई कमी देखने को नहीं मिली। जालंधर का न्यूनतम तापमान घटकर 4.8 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया जबकि अधिकतम तापमान 10.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमोतर की ओर से आ रही ठंडी हवाओं की रफ्तार दिन के समय 6 से 15 तथा रात के समय 7 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास रही। हालांकि ठंड बढ़ने से लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर रहे। 

मौसम विभाग की मानें तो जालंधर के लोगों को धुंध से कुछ राहत मिल सकती है पर 27 से 30 दिसम्बर तक आसमान में बादलों का ही कब्जा रहेगा, बीच-बीच में सूरज देवता दिन के समय कभी भी झलक दिखला सकते हैं। इन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 10 से 11 डिग्री सैल्सियस के बीच रहने तथा न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सैल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 31 दिसम्बर को आसमान में बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदा-बांदी की भविष्यवाणी की है। नववर्ष पर भी मुख्य रूप से आसमान में बादल छाए रहने तथा कुछेक स्थानों पर बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है। 

कड़ाके की सर्दी को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ी गर्मी
सर्दी के दिनों में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों व्हाट्स-एप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि पर काफी गर्मी देखने को मिल रही है। आसपास घटित हो रही घटनाओं को भी सर्दी के साथ जोड़कर दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। एक ऐसा ही संदेश इस प्रकार से है:-
हुआ अपहरण धूप का, 
पूरी जनता मौन,
कोहरा थानेदार है, 
रपट लिखाए कौन?
ए सर्दी इतना न इतरा,
अगर हिम्मत है तो जून में आ। 

Edited By

Sunita sarangal