District कोर्ट परिसर में पिस्तौल लेकर पहुंची महिला! सुरक्षाकर्मियों में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:23 PM (IST)

चंडीगढ़: शनिवार को जिला कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक महिला के पर्स से पिस्तौल बरामद की गई। महिला कथित तौर पर अदालत में पिस्तौल लेकर प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि डीएसपी धीरज कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तुरंत पिस्तौल को कब्जे में लेकर महिला और उसके साथ मौजूद युवक को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में खरड़ निवासी लवप्रीत अपने दोस्त बलकरण (निवासी मोहाली) के साथ एक केस के सिलसिले में पहुंची थी। दोनों ने वाहन बाहर पार्क किया और पैदल कोर्ट परिसर में दाखिल हुए। सुरक्षा जांच के दौरान जब महिला ने अपना पर्स स्कैनिंग मशीन पर रखा, तो मशीन से रेड अलर्ट बज उठा।

अलार्म बजते ही तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। पर्स की तलाशी लेने पर उसके अंदर से पिस्तौल बरामद हुई। हथियार मिलने से मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों में भी हलचल मच गई। पुलिस ने तुरंत पर्स और हथियार जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में युवक बलकरण ने दावा किया कि पिस्तौल उसकी है और उसके पास वैध लाइसेंस भी मौजूद है। उसने बताया कि पिस्तौल को गाड़ी में रखना था, लेकिन गलती से वह महिला के पर्स में रह गई। वहीं महिला ने कहा कि उसे पर्स में पिस्तौल होने की कोई जानकारी नहीं थी।

हालांकि पुलिस दोनों के बयानों पर संदेह जता रही है और यह जांच की जा रही है कि लाइसेंसी हथियार वाहन में रखने के बजाय महिला के पर्स तक कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News