Parking में खड़ी SKODA को बच्चे ने लगाई आग, CCTV में लाठी लेकर पहुंचा, कागज जलाकर हुआ फरार

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 09:46 AM (IST)

चंडीगढ़: सैक्टर-25 की पार्किंग में खड़ी स्कोडा गाड़ी को रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पास खड़ी हुंडई कार भी चपेट में आ गई। गाड़ी से आग की लपटें देख फायर विभाग को सूचना दी गई। फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।  स्कोडा गाड़ी का इंजन पूरी तरह जल गया। पुलिस ने सी. सी. टी.वी. कैमरे चैक किए तो एक बच्चा हाथ में लाठी लेकर पार्किंग में आता दिखाई दिया। कुछ देर तक इधर-उधर घूमता रहा और फिर स्कोडा कार के पास आ गया। इसके बाद कार के पास बैठकर नीचे पड़े कागज इकट्ठे किए और आग लगाकर भाग गया। सैक्टर-11 थाना पुलिस बच्चे की तलाश कर रही है। 

6 माह पहले ही खरीदी थी 
स्कोडा कार की मालकिन सुनीता ने बताया कि करीब 6 महीने पहले ही गाड़ी खरीदी थी। शनिवार शाम को  घर के पास पार्किंग में कार खड़ी की थी। रविवार सुबह जब उठे और पार्किंग गए। उस समय तक सब ठीक था। कुछ समय बाद कार में आग लगने की जानकारी मिली। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर कार के पास पड़े कूड़े में आग लगाई होगी, जिसकी लपटों से पास खड़ी कार भी जल गई।

हुंडई कार के मालिक उत्सव ने बताया कि उसने भी हाल ही में यह  गाड़ी खरीदी है। नाम ट्रांसफर कराने के लिए गाड़ी के कागजात रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी में जमा करवाए हैं, लेकिन अभी तक ट्रांसफर नहीं हुई है। फिलहाल पुराने मालिक के नाम पर ही रजिस्टर्ड है। पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि बच्चे ने आग क्यों लगाई। पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News