चंडीगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले सप्ताह 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 12:33 PM (IST)
चंडीगढ़: चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने वाली है। मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और अगले सप्ताह पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 9 बजे आसमान में बादल छा गए और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। तेज हवाओं और बादलों के कारण लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली, लेकिन दोपहर होते-होते फिर तेज धूप निकल आई। हालांकि हवा चलने के कारण धूप की चुभन पिछले दो दिनों के मुकाबले थोड़ी कम महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
अगले 3 दिनों का मौसम
- शनिवार: अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना।
- रविवार: अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। गर्मी और लू का असर बढ़ेगा।
- सोमवार: अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने के आसार। तेज धूप और हीट वेव की संभावना।
बचाव के लिए जरूरी सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। लगातार पानी और तरल पदार्थ पीते रहें तथा बाहर जाते समय सिर ढककर निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

