रूपनगर में अवैध खनन पर चन्नी का हल्ला बोल! मंजर देख सरकार और प्रशासन को घेरा

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 11:34 AM (IST)

रूपनगर : रूपनगर जिले के नूरपुरबेदी ब्लॉक के गांव सैदपुर और बेईहारा में देर रात कथित तौर पर हो रहे अवैध खनन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। चन्नी गुरुवार देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ टिपर में सवार होकर कथित खनन स्थल पर पहुंचे।

चन्नी के अनुसार, रात करीब एक बजे मौके पर कई पोकलेन मशीनें और टिपर रेत निकालने में लगे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां बड़े स्तर पर बिना अनुमति खनन किया जा रहा था। मौके पर कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के भी दिखाई दिए। चन्नी के पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग कथित तौर पर वाहन और सामान छोड़कर भागने लगे। चन्नी ने कुछ मशीनों और टिपरों के चालकों को रुकवाकर उनसे खनन के संबंध में जानकारी ली।  चन्नी ने मौके से रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर को फोन कर मामले की जानकारी दी और अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि काफी समय बीतने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

‘सरकारी खजाने में जाने के बजाय निजी जेबों में जा रहा पैसा’

सांसद चन्नी ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र से रोजाना बड़ी संख्या में रेत से भरे टिपर निकल रहे हैं, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हो रहा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले सरकार ने खनन से पंजाब को सालाना 20 हजार करोड़ रुपए की आय दिलाने का दावा किया था। अब सरकार को बताना चाहिए कि खनन से होने वाली आय सरकारी खजाने में कितनी जमा हो रही है।

चन्नी ने आरोप लगाया कि अवैध खनन सरकारी संरक्षण में हो रहा है और इसमें अधिकारियों तथा राजनीतिक लोगों की मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि रात के समय पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों का कथित तौर पर अवैध दोहन किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस नेता एवं हलका इंचार्ज ब्रिंदर सिंह ढिल्लों और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी चन्नी के साथ मौजूद रहे। वहीं बता दें कि चन्नी द्वारा लगाए गए आरोपों पर सरकार और प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News