खूनी विवाद! पत्नी मायके गई तो घर में मचा बवाल! पिता की हत्या कर फरार हुआ बेटा

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 05:45 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब : श्री मुक्तसर साहिब जिले के गिद्दड़बाहा शहर की राम सिंह वाली गली में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक वारदात सामने आई। पत्नी को मायके से वापस लाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक बेटे ने अपने 75 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर कृपाण से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान बख्शीश सिंह (75) पुत्र साधु सिंह, निवासी राम सिंह वाली गली, गिद्दड़बाहा के रूप में हुई है।

बख्शीश सिंह का 30 वर्षीय बेटा गुरचरण सिंह बठिंडा की 100 फुट रोड पर स्थित एच.पी. पेट्रोल पंप पर काम करता है। मृतक की पत्नी जसपाल कौर के बयान के मुताबिक, कुछ दिन पहले गुरचरण सिंह का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद 7 अक्टूबर को उसकी पत्नी अपनी तीन बेटियों को घर पर छोड़कर फरीदकोट स्थित अपने मायके चली गई थी।

पिता-पुत्र के बीच हुई बहस
पत्नी के घर छोड़कर जाने के बाद से गुरचरण परेशान रहता था। उसके पिता बख्शीश सिंह उसे बार-बार अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए समझाते थे, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। शनिवार रात इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच फिर से विवाद हो गया। गुस्से में गुरचरण अपने कमरे से कृपाण उठा लाया और पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के समय घर में मृतक की बुजुर्ग पत्नी और उसकी तीन पोतियां मौजूद थीं। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
 
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी जतिंदर सिंह चोपड़ा और थाना गिद्दड़बाहा के एसएचओ परविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर आरोपी गुरचरण सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News