छोटेपुर ने रेत-बजरी, नशा और अफसरशाही को लेकर अमरेन्द्र सरकार को घेरा

punjabkesari.in Tuesday, Apr 17, 2018 - 08:14 AM (IST)

जालंधर/गुरदासपुर(रमनदीप सिंह सोढी): अपना पंजाब पार्टी के प्रधान सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कांग्रेस सरकार को निशाना बनाया है। उन्होंने सरकार के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए जहां वायदाखिलाफी के आरोप लगाए हैं वहीं रेत-बजरी, नशा तस्करी को लेकर भी निराशा जताई है।  छोटेपुर का कहना है कि बेशक चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी और कैप्टन अमरेन्द्र सिंह पंजाब में फैली कुरीतियों को खत्म करने के दावे करते थे लेकिन नई सरकार बनने के एक साल बाद भी सब उसी तरह चल रहा है, जैसे पिछली सरकार में चल रहा था। उन्होंने नशे के मामले को लेकर अफसरशाही में चल रहे विवाद का हवाला देते हुए पंजाब की कानून व्यवस्था खराब होने पर भी सवाल उठाया है। 


उन्होंने कहा कि आज भी पंजाब की सड़कों पर धरने लग रहे हैं और हर वर्ग मुसीबतें झेल रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है। छोटेपुर के मुताबिक आज पंजाब का किसान कर्ज माफी के इंतजार में बैठा है जबकि युवा वर्ग सरकार की नौकरी और मोबाइल का इंतजार कर रहा है लेकिन आलम यह है कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही है।  छोटेपुर का मानना है कि इन हालातों के लिए काफी हद तक अरविंद केजरीवाल जिम्मेदार हैं, जिनकी बदनीयत ने आम आदमी पार्टी को पीछे धकेल दिया है और आज कांग्रेस की सरकार राज कर रही है। 


छोटेपुर से जब उनकी कैप्टन से नजदीकियों के बारे में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि वह कभी सोच भी नहीं सकते और न ही यह सवाल उन पर फिट बैठता है कि वह कांग्रेस में जाएंगे। उनका मानना है कि पंजाब में आज भी तीसरे गुट का विकल्प है जिसको वह पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे। 

Sonia Goswami