मुख्यमंत्री अमरेन्द्र द्वारा सभी मंत्रियों को 4 विधानसभा हलकों से बाहर न निकलने के निर्देश

punjabkesari.in Wednesday, Oct 02, 2019 - 09:57 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब में 21 अक्तूबर को होने वाले 4 विधानसभा सीटों जलालाबाद, दाखा, फगवाड़ा व मुकेरियां के उपचुनाव को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने अपने मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों को इन चारों विधानसभा हलकों में डटे रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं तथा कहा है कि जब कोई अत्यंत जरूरी सरकारी बैठक हो तो ही वे चंडीगढ़ जाएं, अन्यथा चारों विधानसभा सीटों में आबंटित की गई डयूटियों को पूरा करें। वहीं मंत्रियों ने इस बात की पुष्टि की है कि अब वे 19 अक्तूबर तक तो इन चारों विधानसभा हलकों में रहकर पार्टी के लिए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने अपनी टीम की मार्फत सभी की गतिविधियों की रोजाना जानकारियां भी लेनी शुरू कर दी हैं। अधिकांश मंत्रियों की ड्यूटियां चारों विधानसभा क्षेत्रों में लगा दी गई हैं। मंत्रियों को कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के चुनावी अभियान को तेजी से चलाएं। 

मुख्यमंत्री ने कल दावा किया था कि कांग्रेस सभी चारों सीटों को जीत लेगी। सबसे प्रतिष्ठित सीटें जलालाबाद व दाखा बन चुकी हैं, जहां पर क्रमश: कांग्रेस ने पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमिन्द्र सिंह आवला तथा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कैप्टन संदीप संधू को चुनावी मैदान में उतारा है। जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र में पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने जाखड़ तथा कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी के मध्य भी आपसी सुलह करवा दी थी। फगवाड़ा तथा मुकेरियां में भी वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों को जिम्मेदारियां आबंटित कर दी गई हैं। 

मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने इन सभी मंत्रियों से कहा है कि वे रोजाना अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित रिपोर्टें शाम को उन्हें दें। मुख्यमंत्री ने जलालाबाद को लेकर वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठकें की थीं। मुख्यमंत्री के चुनावी मैदान में उतरने से पहले मंत्रियों द्वारा चुनावी अभियान चलाया जाएगा। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सबसे अंत में चुनावी मैदान में उतरेंगे तथा संभवत: उनके चारों विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो अंतिम चरण में आयोजित किए जाएंगे। 

Edited By

Sunita sarangal