मुख्यमंत्री अमरेन्द्र को PGI से मिली छुट्टी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 19, 2018 - 08:00 PM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के स्वास्थ्य में आए सुधार के बाद उन्हें आज पी.जी.आई. से छुट्टी मिल गई है। मुख्यमंत्री का सोमवार को पी.जी.आई. चंडीगढ़ में किडनी में स्टोन का मामूली आप्रेशन हुआ था।मुख्यमंत्री के निकटवर्ती सूत्रों ने बताया कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह का आज सुबह पी.जी.आई. में डाक्टरों की टीम ने अच्छी तरह से निरीक्षण किया जिसके बाद डाक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह से संतुष्ट थी। डाक्टरों ने मुख्यमंत्री को उसके बाद अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया। 

सरकारी सूत्रों ने बताया कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पी.जी.आई. में रहते हुए भी सरकारी कामकाज का निपटारा किया तथा कुछ फाइलों को उन्होंने निकाला। मुख्यमंत्री ने कुछ लोगों से मुलाकात भी की। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह अगले 1-2 दिनों में पूरी तरह से सामान्य काम करना शुरू कर देंगे तथा मुख्यमंत्री कार्यालय को इस संबंध में दिशा-निर्देश भी आज जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री निवास स्थान पर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह संभवत: कल से कुछेक बैठकें भी करना शुरू कर सकते हैं। किडनी में स्टोन के कारण मुख्यमंत्री को पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। डाक्टरों ने उन्हें तब स्टोन को निकालने की सलाह दी जिसके बाद हल्का आप्रेशन किया गया। पंजाब के कई कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री का हालचाल पूछा है। राज्य के शिक्षा मंत्री ओ.पी. सोनी ने भी मुख्यमंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। 

Vaneet