CM अमरेन्द्र ने करवाई पूर्व मंत्री स्व. सहायपुरी के पुत्र नरेश पुरी की घर वापसी

punjabkesari.in Sunday, May 27, 2018 - 07:48 AM (IST)

जालंधर(धवन): मिशन-2019 में लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पार्टी संगठन में मजबूती फूंकने का कार्य शुरू कर दिया है। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने आज पंजाब के पूर्व मंत्री स्व. रघुनाथ सहायपुरी के पुत्र नरेश पुरी की कांग्रेस में घर वापसी करवा दी। मुख्यमंत्री ने नरेश पुरी को विशेष रूप से सुल्तानपुर लोधी में हैलीपैड पर बुलाया था, जहां पर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने उनके गले में दोशाला डालकर उनका कांग्रेस में वापसी करने पर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़, पंजाब मंडी  बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह, विधायक नवतेज सिंह चीमा व अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे। नरेश पुरी ने सुजानपुर विधानसभा सीट से 2 बार टिकट न मिलने पर निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ा था। चाहे वह स्वयं जीत नहीं पाए थे, परन्तु दोनों ही बार 22 से 25 हजार के बीच वोटें ले गए थे, जिस कारण सुजानपुर सीट दोनों बार भाजपा के दिनेश बब्बू ने जीत ली थी। गुरदासपुर लोकसभा सीट के अधीन आती सुजानपुर सीट पर कांग्रेस को मजबूती देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने नरेश पुरी की घर वापसी करवाई है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है, जहां सभी नेताओं का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सबके सामने इस समय 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को जीतने का सवाल है ताकि केन्द्र में कांग्रेस के नेतृत्व में यू.पी.ए. की सरकार पुन: स्थापित की जा सके। मुख्यमंत्री ने नरेश पुरी से कहा कि वह सुजानपुर क्षेत्र में पार्टी संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें। नरेश पुरी के साथ इस अवसर पर सुजानपुर से अनेकों कांग्रेसी नेता भी आए हुए थे जिन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

Anjna