ताजपोशी समागम में पहुंचे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह, नवजोत सिद्धू को दीं बधाई

punjabkesari.in Friday, Jul 23, 2021 - 12:52 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में चल रहे कलह के बाद हाईकमान के आदेशों के तहत राज्य कांग्रेस के बनाए गए नए प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की आज ताजपोशी हुई। इस दौरान पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज हरीश रावत, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के अलावा पंजाब कांग्रेस की पूरी लीडरशिप नज़र आई। इस समागम में कैप्टन अमरेंद्र सिंह और नवजोत सिद्धू इकट्ठे बैठे नज़र आए। वहीं मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सबसे पहले नवजोत सिद्धू सहित सभी कार्यकारी प्रधानों को बधाई दीं।

बता दें कि वीरवार को मुख्यमंत्री ने सिद्धू की ताजपोशी का न्यौता कबूल कर लिया था।सिद्धू की तरफ से भेजे गए न्यौते पर 55 विधायकों ने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री से नई टीम को आशीर्वाद देने का अनुरोध किया था। सिद्धू ने अलग से भी पत्र लिख आग्रह किया कि उनका कोई व्यक्तिगत एजैंडा नहीं है, केवल एक जनहितैषी एजैंडा है। 

इसलिए पंजाब कांग्रेस परिवार में सबसे बड़ा होने के नाते मेरा अनुरोध है कि आप कृपया आएं और नई टीम को आशीर्वाद दें। यह न्यौता पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत नागरा और संगत सिंह गिलजियां लेकर पहुंचे थे।  इसके बाद मुख्यमंत्री पिघल गए और न केवल न्यौता कबूल किया बल्कि खुद की तरफ से पंजाब के तमाम विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को शुक्रवार सुबह 10 बजे पंजाब भवन में चाय पर आमंत्रित किया था।

Content Writer

Vatika