मेला देखने आए परिवार के साथ हादसा,एक पल में लुट गई खुशियां

punjabkesari.in Monday, Sep 17, 2018 - 08:34 AM (IST)

बटाला (बेरी):बटाला में बाबा नानक के विवाह समारोह में  प्रशासन की लापरवाही उस समय देखने को मिली, जब सिविल अस्पताल के पास जालंधर रोड पर खुले मैनहोल में एक परिवार के 5 वर्षीय बच्चे की गिरने से मौत हो गई। बच्चा विगत रात्रि विवाह पर्व का मेला देखने संगत के साथ आया था। 

गुरनूर सिंह के पिता लखबीर सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी गांव छित्थ ने बताया कि वह अपने परिवार सहित गांव की संगत के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से विवाह पर्व संबंधी मेला देखने हेतु बटाला आया था।  गत रात्रि सिविल अस्पताल के पास जालंधर रोड पर जब उनकी ट्राली रुकी तो वह ट्राली से उतर कर शौच हेतु गया तो उसका 5 वर्षीय मासूम बच्चा गुरनूर भी उसके पीछे आ गया जिसके बारे में उसे अंधेरा होने के कारण पता नहीं चला। 

लखबीर सिंह ने बताया कि इसके बाद जब वह वापस संगत वाली ट्राली के पास पहुंचा तो उसकी पत्नी नवदीप कौर ने बच्चे गुरनूर के बारे में पूछा जिस पर उसने बच्चे को न देखने की बात कही। लखबीर सिंह ने बताया कि उसने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई भी पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। सुबह उसे गुरनूर सिंह की एक पैर की चप्पल जालंधर रोड पर सिविल अस्पताल की दीवार के पास खुले मैनहोल के पास पड़ी मिली। जब मैनहोल के अंदर झांका तो देखा कि गुरनूर मैनहोल में गिरा पड़ा था। 

लखबीर सिंह ने बताया कि इस बारे में जब उसने पुन: पुलिस को सूचना दी तो पी.सी.आर. कर्मचारियों के साथ एस.एच.ओ. सिविल लाइन प्रभजोत सिंह, एस.एच.ओ. सिटी विश्वामित्र शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में घटना के बारे में पता चलते ही एस.पी. विपिन चौधरी, एस.डी.एम. बटाला रोहित गुप्ता, डी.एस.पी. हरिशरण शर्मा, डी.एस.पी. सिटी प्रह्लाद सिंह, तहसीलदार अरविंद सलवान, नायब तहसीलदार वरियाम सिंह ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा बच्चे को सिविल अस्पताल में परिवार के सदस्य लेकर गए जहां पर डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

swetha