खिचड़ी खाने से परिवार के सभी सदस्यों की हालत बिगड़ी,2 मासूमों की मौत

punjabkesari.in Sunday, May 27, 2018 - 02:35 PM (IST)

लुधियाना(ऋषि): गांव सुनेता में एक घर में जहरीली खिचड़ी खाने से 5 और 2 वर्षीय 2 भाइयों की मौत हो गई। जबकि मां और 3 बच्चे अस्पताल में उपचाराधीन हैं जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना का पता चलने पर मौके पर पहुंची थाना सराभा नगर की पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई कर एक बच्चे का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया।

अरुण शाह गांव सुनेत में बने एक वेहड़े में परिवार सहित रहता है और जे- ब्लॉक में फास्ट फूड की रेहड़ी लगाता है। शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे पत्नी पिंकू देवी ने खिचड़ी बनाई थी। रात को पति-पत्नी व बेटे सचिन (12), सन्नी (7) आर्यन (5) और अभय (2) और बेटी शशि (10)  ने एक साथ दही के साथ खिचड़ी खाई और फिर सो गए। शनिवार सुबह उठने पर सभी को उल्टी और दस्त होने लगे। हालत गंभीर होने पर सबसे छोटे बेटे अभय को पास ही स्थित प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया।

जहां कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बार हालत खराब होने पर सभी को डी.एम.सी. अस्पताल दाखिल करवाया गया। जहां कुछ घंटे के उपचार के बाद आर्यन की भी मौत हो गई। जबकि पत्नी पिंकू, बेटी शशि और बेटे सचिन व सन्नी उपचाराधीन है। थाना सराभा नगर के प्रभारी इंस्पैक्टर बृज मोहन के अनुसार मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

2 वर्षीय मासूम को दफनाया
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह सबसे पहले दम तोड़ चुके अभय का पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया। पुलिस को घटना का पता चलने से पहले ही परिवार ने उसे दफना दिया। खिचड़ी खाने के कारण पिता की हालत भी बिगड़ी थी। 

swetha