पंजाब में बनेगा ''छोटा जापान''! पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Saturday, Apr 17, 2021 - 02:07 PM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): इनवैस्ट पंजाब के द्वारा जापान से राज्य में निवेश लाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को पंजाब में ‘छोटा जापान’ बनाने की सोच प्रकट की, जो कि राज्य में मौजूदा समय में व्यापारिक गतिविधियां चला रही 100 से अधिक जापानी कंपनियों के साथ सहयोग को और आगे लेकर जाएगी।

इनवैस्ट पंजाब के जापान डैस्क द्वारा पंजाब में निवेश के मौके तलाशने के लिए टोक्यो के भारतीय दूतावास के सहयोग से करवाए भारत-जापान निवेश सम्मेलन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल तौर पर संबोधन करते हुए कहा कि पंजाब व्यापारिक गतिविधियां चलाने के पक्ष से सबसे सुरक्षित स्थान है, क्योंकि यहां बीते 30 वर्षों के दौरान न तो कोई तालाबंदी और न ही कोई हड़ताल देखने को मिली है। उन्होंने कहा, ‘भारत सरकार द्वारा इनवैस्ट पंजाब को चोटी की कारगुजारी करने वाली प्रांतीय निवेश प्रोमोशन अथॉरिटी घोषित किया गया है और यहां जापान डैस्क की स्थापना भी की गई है, जिससे राज्य में निवेश करने के इच्छुक जापानी निवेशकारों की मदद की जा सके और जापान एवं पंजाब की कंपनियों को एक साझा मंच मिल सके।’

जापानी उद्योग को पंजाब में निवेश करने का न्योता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों के दरमियान कृषि, फूड प्रोसैसिंग, टैक्नीकल टैक्स्टाइल, इंजीनियरिंग, फार्मा और मैडीकल उपकरण और कौशल विकास के क्षेत्र में हिस्सेदारी की काफी संभावना है। उन्होंने यह बात भी दोहराई कि राज्य में जापानी औद्योगिक टाऊनशिप के विकास के लिए राजपुरा के नजदीक 1000 एकड़ जमीन भी मुहैया करवाई जाएगी। अपने उद्घाटन के भाषण में जापान में भारतीय राजदूत संजय वर्मा ने भारत और खासकर पंजाब में संभावनाएं तलाशने के लिए जापानी कंपनियों का स्वागत किया। राज्य में उद्योग समर्थकीय माहौल पर रौशनी डालते हुए मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि पंजाब कारोबार करने को आसान बनाने में अन्यों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के रास्ते पर है। 

इनवैस्टमैंट प्रोमोशन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक शेखर, इनवैस्ट पंजाब के सी.ई.ओ. रजत अग्रवाल ने राज्य में जापानी कंपनियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के मौकों के बारे में पेशकारी दी। भारत के टोक्यो दूतावास में मंत्री (ई. एंड सी.) मोना खंधार ने भारत-जापान औद्योगिक और तकनीकी सहयोग के विकास में एक महत्वपूर्ण जगह के तौर पर पंजाब की महत्ता पर रौशनी डाली। सैशन में एम.डी. और सी.ई.ओ. एस.एम.एल. इसूजू यूगो हाशीमोतो और एम.डी. यनमार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड काजूनोरी अजीकी ने पंजाब में काम करने के अपने तजुर्बे साझे किए। उन्होंने उपयुक्त संख्या में कुशल मानव संसाधन और कारोबार करने में सुविधा के लिहाज से पंजाब सरकार द्वारा प्राप्त संपूर्ण सहयोग के बारे में भी बात की।

जापान की सरकारी संस्थाओं से नुमाइंदे जैसे कि डिप्टी डायरैक्टर-जनरल, अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय, जापान सरकार, ओसामू ओनोडीरा ने उम्मीद जताई कि जापान और पंजाब औद्योगिक सहयोग के लिए अपने संबंधों को मजबूत करने के योग्य हैं। इसी तरह जापान विदेशी व्यापार संगठन (जे.ई.टी.आर.ओ.) के कार्यकारी उप प्रधान, काजूया नाकाजो ने पंजाब के अनुकूल माहौल के बारे में बात की, जिसमें इसकी रणनीतिक जगह, काबिल लीडरशिप, बिजली की उपयुक्त उपलब्धता, आकर्षक रियायतों और मजबूत योजनाबंदी और संपर्क शामिल हैं।

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Sunita sarangal