ड्रग्स पीड़ित परिवारों से मिले चुघ, बोले- 2029 तक चिट्टे पर लगेगी लगाम
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 07:17 PM (IST)
पंजाब डैस्क : ड्रग्स पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने के लिए 31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनने पर नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी तथा नशा तस्करों को कानून के तहत जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
चुग ने कहा कि इन परिवारों की पीड़ा पंजाब के उस दर्द को सामने लाती है, जिसे नशे ने घर-घर तक पहुंचाया है। पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक भविष्य से जुड़ा सवाल है। ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ ने पंजाब के परिवारों और युवाओं की पीड़ा को पूरे प्रदेश के सामने रखा है। पठानकोट से शुरू हुई यह यात्रा 13 दिनों में लगभग 4,000 किलोमीटर और 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर जालंधर पहुंची।
चुघ ने कहा कि गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा का संकल्प केवल नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है। नशे की पूरी सप्लाई चेन, तस्करी और वितरण को तोड़ने के लिए कठोर और प्रभावी तंत्र तैयार किया जाएगा, ताकि पंजाब के किसी भी युवा तक चिट्टा न पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार करेगी और पंजाब को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालेगी।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में कानूनों का प्रभावी इस्तेमाल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मजबूत समन्वय जरूरी है। PIT-NDPS कानून के तहत देशभर में 5,000 से अधिक लोगों पर हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने पंजाब में इस कानून के प्रभावी इस्तेमाल पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में NCB कार्यालय स्थापित करने जैसे कदमों को भी नशे के खिलाफ लड़ाई में मजबूती से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
तरुण चुघ ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की समस्याओं का समाधान, औद्योगिक विकास और प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार भी भाजपा की प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तभी गति पकड़ेगा जब प्रदेश का युवा नशे से मुक्त होकर शिक्षा, रोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों से जुड़ेगा।

तरुण चुघ ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 केवल एक तारीख नहीं, बल्कि पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने का भाजपा का स्पष्ट संकल्प है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स पीड़ित परिवारों का दर्द भाजपा के लिए केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि कार्रवाई का संकल्प है। पंजाब की माताओं, बहनों और युवाओं के साथ मिलकर भाजपा नशे के खिलाफ इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएगी और पंजाब की युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करेगी।

