CIA स्टाफ का आप्रेशन, हैरोइन की तस्करी करने वाले 4 कुख्यात गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 11:36 AM (IST)

अमृतसर(संजीव): सी.आई.ए. स्टाफ ने एक आप्रेशन के दौरान हैरोइन की तस्करी करने वाले 4 कुख्यात स्मगलरों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 2.3 किलो हैरोइन, 32 बोर की 2 पिस्तौलें, टाटा सफारी गाड़ी बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोहित जोशी उर्फ बामन निवासी मजीठा रोड, शिवम कुमार नन्नू निवासी नमक मंडी, बिक्रम सिंह बिक्कर निवासी जंडियाला व तजिन्द्र सिंह रोहित निवासी लम्मा पिंड शामिल है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. व आम्र्ज एक्ट के अधीन केस दर्ज कर माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। यह खुलासा डी.सी.पी. इंवैस्टीगेशन मुखविन्द्र सिंह भुल्लर ने आज पत्रकार सम्मेलन के दौरान किया, जिनके साथ ए.डी.सी.पी. युगराज सिंह, ए.सी.पी. पलविन्द्र सिंह शामिल थे। 

डी.सी.पी. भुल्लर ने बताया कि उन्हें इनपुट था कि कुछ हैरोइन तस्कर सिविल लाइन एरिए में हैरोइन की सप्लाई कर रहे हैं, जिस पर इंस्पैक्टर सुखविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में भाई मंझ साहिब गुरुद्वारा के समीप नाकाबंदी कर तजिन्द्र सिंह रोहित को 300 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपने तीन साथियों में शामिल बामन, नन्नू व बिक्कर के नाम ऊगले और पुलिस को यह जानकारी दी कि उक्त बामन उसे अपने साथियों के साथ 2 किलो हैरोइन की सप्लाई करने के लिए रणजीत एवेन्यू क्षेत्र में आ रहा है, जिस पर भारी पुलिस बल के साथ डी-ब्लॉक नाकाबंदी की गई और दुशहरा ग्राऊंड के समीप से एक सफेद रंग की टाटा सफारी गाड़ी को राऊंडअप किया गया, जिसमें से तीनों कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से 2 किलो हैरोइन व 32 बोर की 2 पिस्तौलों के अतिरिक्त 7 हजार रुपए की भारतीय करंसी भी बरामद हुई। पुलिस सभी आरोपियों से गहनता के साथ पूछताछ कर रही है और इनके द्वारा सप्लाई किए जाने वाले ठिकानों के साथ-साथ उन अड्डों की भी निशानदेही हो रही है, जहां से यह हैरोइन की खेप उठाकर आगे बेच रहे थे। 

Vaneet