रूपनगर में कांग्रेस व अकाली वर्कर भिड़े, कांग्रेसी पार्षद के देवर की मौत

punjabkesari.in Thursday, Nov 03, 2022 - 12:22 PM (IST)

रूपनगर(विजय): रूपनगर के वार्ड नं. एक में कांग्रेसियों और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकत्र्ताओं के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि करीब 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या के सिलसिले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश की जा रही है। मृतक वार्ड नं. एक की कांग्रेस पार्षद नीलम रानी का देवर है। 

हाल ही में जब रूपनगर में नगर परिषद का चुनाव हुआ था तो दोनों  पार्टियों के कार्यकत्र्ताओं में जमकर मारपीट हुई थी और तलवारों का प्रयोग किया गया था, जिसमें कई कार्यकत्र्ता घायल हो गए थे। यह विवाद तभी से चला आ रहा था। गत रात 2 गुटों में फिर मारपीट हुई जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। आज दोपहर जब दोनों गुट रास्ते में जा रहे थे तो झगड़ा हो गया जिसमें पार्षद का देवर पुनीत (28) गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।   डी.एस.पी. तरलोचन सिंह ने बताया कि पहले भी दोनों गुटों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका है और इस संबंधी पहले ही धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने मृतक के भाई अशोक के बयान पर धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

इसी बीच कांग्रेस कार्यकत्र्ता सिविल अस्पताल रूपनगर पहुंचे। पार्षद अमरजीत सिंह जौली ने बताया कि घायल होने के बाद पुनीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन काफी समय तक इलाज नहीं हुआ जिससे पुनीत की मौत हो गई। ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि इलाज समय पर कर दिया गया था। डाक्टर का आरोप है कि अनियंत्रित भीड़ ने एमरजैंसी स्टाफ पर हमला कर दिया।  डी.एस.पी. तरलोचन सिंह ने बताया कि इस लड़ाई में आरोपी रवि, साहिब सिंह, नाजर, मौजी, राजा, नीलू व तोता पर पुलिस ने पर्चा दर्ज कर लिया है जबकि शन्नी सिंह (26), हैप्पी (40), राजा (40) इस लड़ाई में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें पी.जी.आई. रैफर किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News

Recommended News