बदमाशों की गुंडागर्दी:  तेजधार हथियारों से लैस युवकों ने घर में घुसकर मचाया आतंक

punjabkesari.in Thursday, Mar 28, 2019 - 02:12 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): मोहकमपुरा स्थित जोड़ा फाटक क्षेत्र में बदमाशों ने इस कदर गुंडागर्दी दिखाई कि हाथों में तेजधार कृपाण लहराते हुए जबरन घर में दाखिल हो गए और जमकर आतंक मचाया। युवकों की इस रंजिश में हमलावरों ने घर के कीमती सामान को बुरी तरह से तहस-नहस कर दिया जब घर में मौजूद लड़के की माता रेखा ने जब हमलावरों को समझाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी युवकों ने बदसलूकी की और उसके लड़के को सबक सिखाने की धमकियां दीं। पुलिस ने रेखा की शिकायत पर राहुल, साहिल निवासी जोड़ा फाटक व उनके अज्ञात साथियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। 

रेखा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत दिवस उक्त आरोपी जबरन उसके घर में दाखिल हुए और गाली-गलौच करने लगे। उसके पूछने पर आरोपी यह कह कर वापस चले गए कि आज तुम्हारे लड़के को नहीं छोड़ेंगे। जिसके कुछ समय बाद ही हमलावर एक बार फिर हाथों में कृपाणें लहराते हुए महिला के घर में घुस गए और उसके लड़के विश्वास को ढूंढने लगे, जो अपनी जान बचाने की खातिर भाग कर किसी के घर में छिप चुका था। हमलावरों ने घर में पड़ी वाशिंग मशीन, फ्रिज, टेबल व अन्य सामान पूरी तरह से तोड़ डाला और अलमारी में पड़ी नकदी व सोने के जेवरात चोरी कर लिए। जिसके बाद हमलावर एक-एक कर घर से निकले और मौके से फरार हो गए। हमले की यह पूरी घटना सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई, जिसमें दर्जन से अधिक युवक तेजधार हथियारों को लेकर ललकारे मारते हुए घर में घुस रहे थे और तोड़-फोड़ करने के उपरांत वहां से फरार हो रहे थे। सी.सी.टी.वी.की फुटेज के आधार पर पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है।


क्या कहना है पीड़ित परिवार का
लड़के विश्वास की माता रेखा ने पत्रकारों को बताया कि हमलावर उसके लड़के को ढूंढने के लिए आए थे। पहले तो यह कह कर चल गए कि आज उसे सबक सिखाएंगे, जिस समय वह घर में अकेली थी। उसके बाद हमलावर एक बार फिर हथियारों से लैस हो आए। उस समय वह अपनी बेटी के साथ घर में बैठी थी। उसने लड़कों का शोर सुन अंदर से कुंडी लगा ली। मगर हमलावरों ने तेजधार हथिायारों से उसके घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। वह अपनी लड़के को छत पर ले गए और उसने किसी तरह दीवारें फांद कर पड़ोसियों के घर में जाकर अपनी व अपनी बेटी की जान बचाई।

हमलावरों के फरार हो जाने के बाद जब वह घर आई तो उसने देखा कि अलमारी में पड़ी 60 हजार रुपए की नकदी जो उसे कुछ दिन पहले ही कमेटी की राशि मिली थी, चोरी हो चुकी थी। नकदी के साथ हमलावर सोने के जेवर भी ले जा चुके थे। रेखा ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए। लड़के की माता के बयानों पर पर्चा दर्ज करने के निर्देश घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे ए.डी.सी.पी. जगजीत सिंह वालिया ने घर के हालातों व पीड़ित लड़के की माता रेखा के बयानों पर तुरंत पर्चा दर्ज करने के निर्देश जारी किए और पीड़ित परिवार को जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया।

Vatika