तख्त श्री केसगढ़ साहिब की सराय में खूनी संघर्ष, तेजधार हथियारों से हमला, गरमाया माहौल

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 09:34 AM (IST)

रूपनगर/श्री आनंदपुर साहिब (विजय) : कल देर शाम गुरुद्वारा तख्त श्री केसगढ़ साहिब के श्री गुरु गोबिंद सिंह यात्री निवास में ड्यूटी पर तैनात सेवादारों पर कुछ युवकों ने सराय में कमरा लेने को लेकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और 2 सेवादारों को लहूलुहान कर दिया। साथ ही, हमलावर सेवादारों को गाड़ी में फेंककर अपने साथ ले गए, जिन्हें लोकल पुलिस ने कुछ ही घंटों में ढूंढकर बचा लिया और हमलावरों को गिरफ्तार करके केस दर्ज कर लिया गया।

इस बारे में लोकल पुलिस स्टेशन के मुखी इंस्पैक्टर दानिशवीर सिंह ने प्रैस कॉन्फ्रैंस के दौरान पत्रकारों को बताया कि इस हमले में घायल हुए गुरतेज सिंह पुत्र सुखजीत सिंह, गांव रत्ता खेड़ा, थाना लधुवाला, जिला फाजिल्का ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह कल शाम करीब 7 बजे अपने दूसरे सेवादार गुरसेवक सिंह के साथ श्री गुरु गोबिंद सिंह यात्री निवास में ड्यूटी पर थे।

उन्होंने आगे बताया कि सराय में कमरा लेने के लिए हरि सिंह पुत्र मान सिंह, निवासी मरियांवाला, जिला गुरदासपुर और एक अनजान औरत यात्री निवास में आए और कमरा मांगा। मैंने उनसे कहा कि मैं आपको चौथी मंजिल पर कमरा दे दूंगा और आप अपना पहचान पत्र मुझे जमा करवाएंगे, तो यह सुनकर वह व्यक्ति तुरंत गुस्से में आ गया और मुझे गालियां देने लगा।

जब मैंने उसे गालियां देने से रोका तो वह व्यक्ति हाथ में लिए बेसबॉल से मुझे पीटने लगा और वहां से भाग गया और जाते-जाते उसने मुझे धमकी दी कि मैं अपने साथियों को फिर साथ लाऊंगा। थोड़ी देर बाद, हमलावर हरि सिंह अपने बेटे और करीब 15-20 निहंग सिंहों के साथ यात्री निवास में वापस आ गया। आते ही उन्होंने अपने हाथों में बेसबॉल, तलवारें और गंडासों से हमें पीटना शुरू कर दिया।

उन्होंने यात्री निवास का काऊंटर तोड़ दिया और कैश, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबियां छीन लीं और जाते समय, उन्होंने मुझे और गुरसेवक सिंह को अपनी गाड़ी में ज़बरदस्ती किडनैप कर लिया और हमें अपने डेरे में ले गए और जान से मारने की धमकी देते रहे। इस बात का शोर पड़ने के बाद, पुलिस वाले निहंगों के डेरे में आए और हमें हमलावरों से बचाया और सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब में भर्ती कराया, जहां हमारा इलाज चल रहा है।

थाना मुखी इंस्पैक्टर दानिशवीर सिंह ने कहा कि घायल सेवादारों के बयानों के आधार पर हरि सिंह और उनके बेटे साहिब सिंह और उनके साथ आए 15-20 अन्य अज्ञात निहंगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News