सफाई कर्मियों से उलझना पड़ा भारी: रोपड़ पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 09:51 AM (IST)
रोपड़ (वरुण लांबा): रोपड़ सिटी पुलिस ने गांव छोटी हवेली में चल रहे विशेष सफाई अभियान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने और सेनेटरी स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिटी रोपड़ के एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि नगर काउंसिल की टीम, सेनेटरी इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह के नेतृत्व में पिछले दो दिनों से गांव छोटी हवेली और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जब सफाई कर्मचारी अपने कार्य में जुटे हुए थे, तभी तीन युवक वहां कचरा फेंकने पहुंच गए। सेनेटरी स्टाफ ने उन्हें ऐसा करने से रोका और निर्धारित स्थान पर कचरा डालने के लिए समझाया। इस पर आरोपियों ने कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए माहौल खराब करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए इरशाद अली, निशाद अली (दोनों निवासी श्यामपुरा) तथा कमलजीत (एक निजी कटानी फर्म में कार्यरत) को प्रिवेंटिव एक्शन के तहत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। एसएचओ पवन कुमार ने लोगों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में नगर काउंसिल और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति सफाई अभियान में बाधा डालता है, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाता है या सरकारी कर्मचारियों के कार्य में रुकावट पैदा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

